साल का आखिरी दिन- 12 महीने की 12 चर्चित खबरें:इंदौर में आसाराम का छुपकर प्रवचन, राजा हत्याकांड की विदेश तक गूंज, मौत का कहर बन दौड़ा ट्रक

साल 2025 इंदौर के लिए सिर्फ एक कैलेंडर का बदलाव नहीं था, बल्कि यह घटनाओं, खुलासों और विवादों का ऐसा दौर रहा जिसने शहर की आत्मा को झकझोर दिया। हर महीना अपने साथ ऐसी खबर लेकर आया, जिसने न केवल सुर्खियां बटोरीं, बल्कि सियासत, समाज और सिस्टम — तीनों को आईना दिखाया। साल की शुरुआत शहर के एक फोटोग्राफर के 14 पन्नों के सुसाइड नोट से हुई, जिसने पूरे देश का ध्यान इंदौर पर खींच लिया। इसके बाद दुष्कर्म के आरोपी आसाराम का चोरी-छिपे अपने अनुयायियों को प्रवचन देना चर्चा में रहा, मई–जून में सामने आए राजा हत्याकांड ने शहर को भीतर तक झकझोर दिया, सितंबर महीने में मौत का काल बनकर एयरपोर्ट रोड में घुसे ट्रक ने बेजुबानों की जान लेली। तो वहीं, साल के आखिर तक विधायक के बेटे अपने कारनामों, मंदिरों के नियम तोड़ने से लेकर शाही शादी की झलक तक सुर्खियों में बने रहे।​​ पढ़िए, 2025 की वो 12 बड़ी खबरें, जिन्होंने सिर्फ इंदौर नहीं, बल्कि पूरे देश की सुर्खियों में अपनी जगह बनाई। जनवरी- शहर के फोटोग्राफर का 14 पेज का सुसाइड नोट साल की शुरुआत के साथ जनवरी माह में इंदौर में पत्नी और ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर 28 साल के युवक नितिन पडियार ने सुसाइड कर लिया। फांसी लगाने से पहले उसने 14 पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें पत्नी, सास और दो सालियों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। बाणगंगा के यादव नंद नगर में रहने वाले इवेंट फोटोग्राफर और कैफे संचालक नितिन ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि पत्नी हर्षा शर्मा के परिवार ने कभी उनकी शादी को स्वीकार नहीं किया। 2019 में शादी हुई, इसके छह महीने बाद से विवाद शुरू हो गया। 2024 में हर्षा ने नितिन, जेठ सूरज और सास पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करा दिया। समझौते के लिए 20 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। दहेज प्रताड़ना की एफआईआर से नाम हटाने के लिए राजस्थान पुलिस ने भी 50 हजार रुपए मांगे।पढ़ें पूरी खबर फरवरी- जमानत पर आए आसाराम का अनुयायियों को प्रवचन, 1 हजार से ज्यादा लोग जुटे नाबालिग और महिला से रेप केस में सजा काट रहा आसाराम जमानत मिलने के बाद फरवरी महीने में इंदौर पहुंचा। यहां कोर्ट द्वारा दी गई जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर वह प्रवचन किया। समर्थकों से मिला और खुलकर बातचीत की। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने आश्रम के अंदर पहुंचकर यह दृश्य देखा। आसाराम का प्रवचन सुनने के लिए उसके आश्रम में एक हजार से ज्यादा लोग जुटे। इस घटना से पहले पालनपुर (गुजरात) आश्रम का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह सामूहिक रूप से भक्तों से मुलाकात करता नजर आया था। लेकिन आसाराम को इन शर्तों पर जमानत मिली है कि वह प्रवचन नहीं करेगा। पढ़ें पूरी खबर ​​​​​मार्च- गेर में टैंकर ने युवक को रौंदा, मौत, रंगपंचमी पर जमकर उड़ा रंग-गुलाल​​ मार्च महीने में रंगपंचमी के मौके पर शहर की ऐतिहासिक और पारंपरिक गेर निकली। इस दौरान शहर के राजवाड़ा पर जमकर रंग-गुलाल उड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया। डीजे और ढोल की थाप पर जमकर थिरके। यूनेस्को (United Nations Educational, Scientific and Cultural Organization) की टीम भी गेर में पहुंची। तत्कालीन कलेक्टर आशीष सिंह ने दावा किया कि गेर में 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। गेर खत्म होते ही सफाई कर्मचारियों ने एक घंटे के भीतर ही साफ-सफाई कर दी। सीएम डॉ. मोहन यादव भी गेर में शामिल होने पहुंचे। लेकिन इससे पहले ही उन्होंने प्रोग्राम कैंसिल करने का निर्णय लिया। दरअसल, गेर निकालने के दौरान राजवाड़ा में टैंकर का पहिया 45 वर्षीय शख्स के पेट के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर अप्रैल- विधायक पुत्र काफिले के साथ देवास माता टेकरी पहुंचा, फिर हंसते हुए पुजारी से माफी मांगी अप्रैल महीने में शहर की राजनीतिक हवा गर्म रही। दरअसल, इंदौर-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष कारों के काफिले के साथ आधी रात देवास की माता टेकरी पर पहुंचा। यहां देर रात जबरन गर्भ ग्रह के पट खुलवाए और पूजा की। विवाद बढ़ने के बाद देवास पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए कार की पहचान की। इनमें से एक कार MP 13 ZD 0111 उज्जैन के विद्यानगर में रहने वाले लोकेश चांदवानी की निकली। इसके आधार पर देवास पुलिस कार को जब्त कर ले गई। मामला बढ़ने पर विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष ने अपने चार साथियों के साथ थाने में सरेंडर कर दिया। जहां उन्हें निजी मुचलके पर जमानत मिल गई। इसके बाद वह सीधे देवास में माता टेकरी पर पहुंचा। यहां हंसते हुए मंदिर के पुजारी से मांगी माफी और पैर छुए। हालांकि बाद में पुजारी परिवार अपने बयान से पलट गए और कहा है कि मामले से विधायक पुत्र का लेना-देना नहीं है। पढ़ें पूरी खबर मई- ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, मेट्रो की कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी बोले- एक रात में पूरा भारत साफ मई माह में मेट्रो की कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों के एक वीडियो ने चिंता बढ़ा दी। कंस्ट्रक्शन कंपनी के एक कर्मचारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए। ये भी कहा कि पूरा भारत एक रात में साफ। जिसके बाद एक आरोपी युवक की पहचान मोहम्मद जावेद पिता किताब अंसारी के रूप में हुई है। जिसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। मामले में श्री राजपूत करणी सेना की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों और पीएम पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर एफआईआर दर्ज की। दरअसल, करणी सेना के सदस्यों को जावेद के गांधी नगर स्थित कैंप में होने की जानकारी मिली। इसके बाद संगठन के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उसकी पिटाई की। बाद में युवक को पुलिस के हवाले किया। पढ़ें पूरी खबर जून- राजा हत्या कांड में सोनम का हाथ, यूपी के ढाबे में बैठी मिली इंदौर के नवविवाहित दंपती राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी शिलांग में हनीमून के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। शादी के महज 10 दिन बाद दोनों 20 मई को हनीमून के लिए रवाना हुए थे, लेकिन 23 मई को मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र से अचानक दोनों का संपर्क टूट गया। मामले की जांच में बाद में बड़ा खुलासा हुआ, जिसमें सामने आया कि राजा की हत्या उसकी पत्नी सोनम और उसके प्रेमी राज की साजिश का हिस्सा थी। 2 जून को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद किया गया, जबकि सोनम उस वक्त तक लापता थी। घटना के 17 दिन बाद, सोनम घटनास्थल से करीब 1100 किलोमीटर दूर यूपी के गाजीपुर में एक ढाबे पर बदहवास हालत में मिली। पुलिस ने उसे तत्काल वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षा निगरानी में रखा। इसके बाद सोनम को गाजीपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे मेघालय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद मेघालय पुलिस सोनम को लेकर शिलांग के लिए रवाना हो गई। यह मामला न केवल इंदौर बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बना रहा। पढ़ें पूरी खबर जुलाई- BJP विधायक बोलीं- छांगुर बाबा के प्रजनांग काट देना चाहिए इंदौर के महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने उत्तर प्रदेश में धर्मांतरण रैकेट के आरोप में गिरफ्तार छांगुर बाबा पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोपी के हाथ-पैर काट देने चाहिए। इनके प्रजनांग भी काटने चाहिए। इतनी सख्त सजा दी जानी चाहिए कि कोई फिर ऐसा दुस्साहस न करे। विधायक ने कहा कि जब तक इतनी सख्ती नहीं की जाएगी, तब तक ऐसे अपराध बंद नहीं होंगे। ऐसे नर पिशाच बेटियों की जिंदगी को बर्बाद कर रहे हैं, ये भारतीय संविधान को ताक में रखते हैं। विधायक उषा ठाकुर ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसे धोखेबाज लोगों के बहकावे में न आने की अपील की, जो आस्था के नाम पर जिंदगियां बर्बाद कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर अगस्त- पेट्रोल पंप पर माचिस की जलती तीली फेंकी, दो युवकों पर केस अगस्त महीने में प्रदेश के दो बड़े शहर भोपाल और इंदौर में नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान चलाया गया। दोनों ही शहरों में इसे लेकर सख्ती भी दिखी। इस बीच इंदौर में बिना हेलमेट पेट्रोल देने से मना करने पर एक युवक ने पंप पर माचिस की जलती हुई तीली फेंक दी। दूसरे ने चाकू निकाल लिया। पंपकर्मी से हाथापाई भी की। घटना छोटा बांगड़दा के शुक्ला ब्रदर्स पेट्रोल पंप हुई। वहीं एयरपोर्ट रोड पर दो युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट की। जिसके बाद प्रशासन ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। सांवेर रोड पर गणराजे फ्यूअल्स में बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा था। प्रशासन ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर सितंबर- 1 किमी तक लोगों-वाहनों को कुचलता रहा ट्रक, बाइक फंसी तब भी नहीं रुका शहर में सितंबर महीने एक ट्रक मौत का कल बनकर घुसा। तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों और वाहनों को कुचला-टक्कर मारी। हादसा शहर के एयरपोर्ट रोड पर हुआ है। इस हादसे में करीब आधा दर्ज से अधिक मौतें हुईं। घटना के दौरान ट्रक ने करीब 30 लोगों को चपेट में लिया। हादसे के दौरान ट्रक ( MP09 ZP 4069) में आग लग गई। पहले ये सूचना आई थी कि गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की टक्कर के बाद उसमें एक बाइक फंस गई थी। ट्रक लगातार बाइक को रगड़ते हुए चल रहा था, जिससे उसमें ब्लास्ट हो गया और ट्रक में आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया। पढ़ें पूरी खबर अक्टूबर- इंटरनेशनल बेइज्जती; ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़​​​​​​ अक्टूबर में आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का मुकाबला खेलने आई ऑस्ट्रेलियन टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पांच थानों की टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया। दरअसल, दोनों महिला खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से पैदल कैफे (द नेबरहुड) की तरफ जा रही थीं। तभी सफेद शर्ट और काली टोपी पहने एक बाइक सवार युवक उनका पीछा करने लगा। कुछ ही देर में आरोपी ने इनमें से एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ और मौके से भाग निकला। घबराई दोनों खिलाड़ियों ने तुरंत टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज किया और अपनी लाइव लोकेशन भेजी। जानकारी मिलते ही डैनी सिमंस ने टीम के सुमित चंद्रा से संपर्क कर मदद के लिए कार रवाना कर दी और खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल पहुंचाया। दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना-माना नाम हैं। पढ़ें पूरी खबर 11. स्मृति और पलाश की शादी टली, स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद फैसला महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुछाल की नवंबर में होने वाली शादी टल गई है। यह शादी महाराष्ट्र के सांगली में होनी थी, लेकिन स्मृति के पिता की तबीयत खराब होने के कारण समारोह स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार रात सांगली के समडोली रोड पर मंधाना फार्म हाउस में मेहंदी और संगीत समारोह आयोजित किया गया था। इससे पहले स्मृति मंधाना के प्री-वेडिंग फंक्शन्स से कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे। खासतौर पर उनकी संगीत सेरेमनी का एक वीडियो फैंस के बीच खूब चर्चा में रहा, जिसमें स्मृति ने पलाश मुछाल के लिए एक स्पेशल डांस परफॉर्मेंस दिया। उनका डांस देखकर परिवार और मेहमान ही नहीं, बल्कि फैंस भी आश्चर्यचकित रह गए। पढ़ें पूरी खबर 12. विधायक शुक्ला के बड़े बेटे-बहू ने तोड़ा नियम: खजराना गणेश के गर्भगृह में एक-दूसरे को माला पहनाई विधानसभा-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का परिवार सालभर विवादों में रहा। इस बार मामला शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर से जुड़ा है, जहां रोक के बावजूद उनके बड़े बेटे और बहू ने गर्भगृह में घुसकर एक-दूसरे को माला पहनाई। इसका वीडियो भी सामने आया। जिसके बाद मंदिर प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे। विधायक शुक्ला के बड़े बेटे अंजनेश और सिमरन का विवाह 11 दिसंबर को हुआ। इसके दूसरे दिन 12 दिसंबर को वे खजराना गणेश मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान गर्भगृह में गए और भगवान गणेश की प्रतिमा के सामने एक-दूसरे को माला पहनाई। वहीं इससे पहले इंदौर-भोपाल बाइपास में उनकी शाही शादी भी चर्चा में बनी रही। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *