साल का आखिरी दिन- 12 महीने की 12 चर्चित खबरें:जबलपुर में बिना निगरानी चल रही लड्‌डुओं की दुकान, कारोबारी को आया अटैक; हादसे, विवाद और फैसले भी छाए

साल 2025 में जनवरी से दिसंबर तक हर महीने जबलपुर किसी न किसी बड़ी खबर की वजह से प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा। जनवरी में सरकार के हाईकोर्ट में पेश किए उस बयान की जमकर चर्चा हुई, जिसमें यूनियन कार्बाइड के जहरीले कचरे को लेकर बने हालातों के लिए ‘गुमराह करने’ को जिम्मेदार ठहराया गया। फरवरी में कुंभ यात्रियों की दर्दनाक मौतों का मंजर देखा। जिसने सड़क सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल भी खड़े किए। मार्च में आस्था और ईमानदारी का एक अनोखा उदाहरण सामने आया। शहर में लोगों के भरोसे पर बिना मालिक और कर्मचारी की एक दुकान चलती नजर आई। अप्रैल महीने में जिम में हार्ट अटैक से एक कारोबारी की मौत ने बदलती जीवन शैली और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही की कड़वी हकीकत सामने रख दी। मई में राजनीति फिर सुर्खियों में आई, जब ऑपरेशन सिंदूर को लेकर डिप्टी सीएम का बयान विवादों में घिरा। जून में हाईकोर्ट ने एक मासूम से दुष्कर्म के दोषी की फांसी को 25 साल की सजा में बदल दिया गया। यह फैसला पूरे बहस का विषय बना था। जुलाई में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर शगुन के रूप 250 भी ट्रांसफर करने का ऐलान किया। अगस्त में भाजपा की एक बैठक के दौरान पुलिस और सांसद के बीच हुई बहस ने सुर्खियां बंटोरीं। सितंबर में 90 डिग्री ब्रिज को लेकर मंत्री के बयान ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही पर नई बहस छेड़ दी। अक्टूबर में बच्चों की मौत और सिरप बैन की खबर ने स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही उजागर की। नवंबर में हाईकोर्ट का कलेक्टर पर लगाया जुर्माना प्रशासनिक मनमानी रोकने पर एक कड़ा संदेश था। साल के आखिरी महीने दिसंबर में सिहोरा की सरेआम हत्या ने कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर दिखाकर पूरे शहर को झकझोर दिया। पढ़िए, जबलपुर की वे 12 खबरें जो चर्चित रहीं… 1. सरकार बोली- गुमराह करने से हालात बिगड़े यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा पीथमपुर में जलाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच के सामने सरकार ने कहा- मिस लीडिंग से यह स्थिति बनी। हालात बिगड़े हैं। दरअसल, एक जनवरी की रात को भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर से करीब 358 मीट्रिक टन जहरीला कचरा 10 कंटेनर में भरकर पीथमपुर भेजा गया था। जहरीले कचरे के निष्पादन के खिलाफ पीथमपुर में लगातार तीन दिन विरोध प्रदर्शन हुए थे। आत्मदाह की कोशिश में दो युवक झुलस गए थे। 4 जनवरी को तारपुरा गांव से लगी रामकी एनवायरो इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री पर पथराव किया गया। इसमें कुछ वाहनों के कांच टूट गए। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. एक्सीडेंट में 10 कुंभ यात्रियों की मौत जबलपुर में प्रयागराज से लौट रहे हैदराबाद के 9 यात्रियों की ट्रैवलर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इसमें 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक और सड़क की रेलिंग के बीच फंसी ट्रैवलर बुरी तरह पिचक गई। ट्रैवलर में फंसे लोगों को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला। इसके अलावा मैहर और पन्ना में हुए हादसों में एक ही दिन में 3 और लोगों की मौत हुई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. बिना मालिक-नौकर के चल रही दुकान जबलपुर में लड्‌डुओं की एक ऐसी दुकान खुली है, जिसे भगवान चला रहे हैं। यहां पर कोई मालिक या कर्मचारी नहीं है। दुकान का नाम भी भगवान लड्डू गोपाल के नाम पर रखा गया है। यहां लोग अपनी जरूरत के अनुसार लड्‌डुओं का पैकेट खरीदकर पैसे रख जाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से दुकान के बाहर लगे बोर्ड पर एक सीसीटीवी लगाया है। दुकान की शुरुआत शास्त्री ब्रिज के पास रहने वाले विजय पांडे (52) ने की है। यह दुकान कुछ ही दिनों में इतनी फेमस हो गई है कि न सिर्फ जबलपुर बल्कि पड़ोसी जिलों से भी लोग लड्‌डू खरीदने पहुंचते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. सीने में दर्द, फिर भी किया वर्कआउट, मौत जबलपुर में जिम में एक्सरसाइज कर रहे एक कारोबारी को हार्ट अटैक आ गया था। जिससे उसकी मौत हो गई। ये घटना सुबह करीब 7.30 बजे हुई थी। इसका वीडियो भी सामने आया था। मृतक का नाम 51 वर्षीय यतीश सिंघई है, वे पेशे से कारोबारी थे। यतीश रोजाना करीब एक से डेढ़ घंटे तक जिम में एक्सरसाइज करते थे। वीडियो में दिख रहा है कि यतीश सिंघई हाथ में डंबल लिए जा रहे है। तभी कुछ परेशानी महसूस होने पर वे डंबल को नीचे रख देते है। इस दौरान उनकी चाल धीमी हो जाती है। वे थोड़ी आगे बढ़ते हैं और फिर अचानक नीचे गिर पड़ते हैं। ​​​​​ पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. ऑपरेशन सिंदूर- डिप्टी CM का विवादित बयान मध्यप्रदेश में मंत्री विजय शाह के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विवादित बयान दिया था। देवड़ा ने जबलपुर में कहा था कि प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे…और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक…उनके चरणों में नतमस्तक है। वे यहां सिविल डिफेंस वालिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उनके बयान को कांग्रेस ने सेना के शौर्य का अपमान बताया। वहीं, बीजेपी ने कहा है कि कांग्रेस देवड़ा के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। विवाद बढ़ने के बाद डिप्टी सीएम ने सफाई दी। कहा, ‘मेरे बयान को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है।’ पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. बच्ची के रेपिस्ट की कम हो गई सजा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने 4 साल की बच्ची के साथ रेप के दोषी को राहत दे दी थी। जबलपुर बेंच ने फांसी की सजा को 25 साल की सजा में बदल दिया। जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस देवनारायण मिश्रा की डिवीजन बेंच ने कहा, ‘दोषी निरक्षर और आदिवासी है। बचपन में उसे अच्छी शिक्षा नहीं मिली, जिसके चलते उसने यह अपराध किया था।’ मामला खंडवा जिले में 30 और 31 अक्टूबर 2022 की दरमियानी रात का है। 4 साल की बच्ची अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान परिजन उठे तो वह बिस्तर पर नहीं दिखी। तलाश करने पर बच्ची घर के पास बने आम के बगीचे में मरणासन्न हालत में मिली। खंडवा में प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया था। पुलिस ने राजकुमार को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अप्रैल 2023 में ट्रायल कोर्ट ने बच्ची के साथ रेप और हत्या के प्रयास के आरोप को सही पाते हुए उसे फांसी की सजा सुनाई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. CM बोले- राखी पर लाड़ली बहनों को गिफ्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन पर गिफ्ट देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि योजना के तहत हर महीने 1250 रुपए की राशि हम दे रहे हैं, लेकिन अगले महीने रक्षाबंधन पर्व के शगुन के रूप 250 भी ट्रांसफर किए जाएंगे। सीएम डॉ. यादव जबलपुर के बेलखेड़ा में थे। उन्होंने प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में योजना की जून की किस्त 1551 करोड़ 44 लाख रुपए ट्रांसफर किए। सीएम ने कहा था कि कोई अमेरिका माता की जय नहीं करता, कोई इंग्लैंड माता की जय नहीं करता, पर विश्व का पहला ऐसा देश भारत है। जहां पर भारत माता की जय कहा जाता है। बहनों का आशीर्वाद मिले, जिंदगी धन्य हो जाए। इससे बढ़कर क्या चाहिए?। हमारे यहां तो मातृ प्रधान शक्ति हजारों साल से बहनों को गौरवान्वित करता है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 8.पुलिस और सांसद सुमित्रा बाल्मिक में हुई बहस जबलपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की बैठक में शामिल होने जा रहीं राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मिक को पुलिस ने बाहर रोक दिया था। इस पर पुलिस से उनकी बहस हो गई। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पुलिस ने सांसद के साथ धक्का-मुक्की भी की। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की तो सीनियर नेताओं ने दखल दिया, जिसके बाद सांसद को अंदर जाने दिया गया। इसके बाद सांसद सुमित्रा बाल्मिक ने कहा था कि मेरा चश्मा टूट गया। मेरे कार्यकर्ता इतने उत्साहित थे। सुरक्षा की दृष्टि से जो गेट पर खड़े हुए थे, उनकी अपनी ड्यूटी है। वो अपनी ड्यूटी करेंगे, लेकिन हमारे जो राष्ट्रीय अध्यक्ष आए हैं, उनके साथ सबको फोटो लेना है, सेल्फी लेना है। पीछे भीड़ आई तो मेरे साथ विधायक और अन्य लोग थे। पूरी खबर यहां पढ़ें… 9. PWD मंत्री ने 90 डिग्री वाले ब्रिज को बताया सही भोपाल के जिस 90 डिग्री में खामियां बताकर 8 अफसरों को सस्पेंड किया गया था, उस ब्रिज को पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने सही बताया था। उन्होंने जबलपुर में मीडिया से कहा- ब्रिज को लेकर कोई समस्या थी ही नहीं, लेकिन उसका प्रचार-प्रसार इस तरह किया गया कि वह सुर्खियों में आ गया। मंत्री ने कहा- 90 डिग्री का कोई मुद्दा नहीं था। इस तरह के पुल और चौराहे देश और प्रदेश में बहुत सारे बने हुए हैं। महत्वपूर्ण यह है कि सेफ्टी मेजर्स का पालन हुआ है या नहीं और इस मामले में पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां पुराने शहर और पुरानी बसाहट होती है, वहां जब पुल और सड़कों का निर्माण करना होता है, तो जगह की कमी के कारण 90 डिग्री पर जाना ही पड़ता है। कई बार ऐसी परिस्थितियां बनती हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 10. सिरप पर रोक, बाजार से वापस बुलाई छिंदवाड़ा में किडनी फेल होने से एक और बच्चे की मौत हो गई। नागपुर में इलाज के दौरान डेढ़ साल की योगिता ठाकरे ने दम तोड़ दिया। जिले में एक महीने में अब तक 11 बच्चों की जान जा चुकी थी। लेकिन 11 मौतों के बाद भी जिम्मेदारों ने कोई एक्शन नहीं लिया। न तो ड्रग कंट्रोलर पर कोई कार्रवाई की गई और न ही किसी डॉक्टर पर कोई FIR दर्ज की गई। सिर्फ सिरप बैन किया गया था। इस मामले में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने पहले कहा था कि सिरप से मौतें नहीं हुई हैं। जब सरकार ने सिरप पर बैन लगा दिया तब बोले- इनमें जहरीले रसायन मिले हैं, जहां दिखे जब्त करो। बाद में खुलासा हुआ कि जो कोल्ड्रिफ सिरप छिंदवाड़ा सप्लाई की गई थी, उन्हें जबलपुर से भेजा था। हालांकि, जबलपुर कलेक्टर ने पहले ही COLDRIF SYRUP और Nastro- DS सिरप पर बैन लगा दिया था। छिंदवाड़ा में श्री सन फार्मा कंपनी के मैनेजर की डिमांड पर महाकौशल डीलर कटारिया फार्मास्यूटिकल से इस कफ सिरप की सप्लाई होती थी। खास बात यह है कि कोल्ड्रिफ सिरप के लिए पूरे महाकौशल में सिर्फ छिंदवाड़ा से ही डिमांड आती थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 11. कलेक्टर पर 2 लाख जुर्माना; बाबू ऑर्डर लिख रहे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने शहडोल कलेक्टर पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने एक बेगुनाह युवक पर NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई का आदेश जारी किया था। बेगुनाह युवक को एक साल से ज्यादा समय जेल में गुजारना पड़ा। शहडोल में रहने वाले पीड़ित सुशांत बैस के पिता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस एके सिंह की बेंच ने कहा- कलेक्टर को यह जुर्माना अपनी जेब से देना होगा। दरअसल, शहडोल एसपी ने सितंबर 2024 में नीरजकांत द्विवेदी नाम के अपराधी पर NSA लगाने की सिफारिश की थी। कलेक्टर ने नीरज की जगह सुशांत बैस के नाम का आदेश जारी कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोर्ट ने पीड़ित के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन मानते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह पर जुर्माना लगाया। साथ ही गलत दस्तावेज, गलत जानकारी और उसके सपोर्ट में गलत हलफनामा पेश करने पर कंटेम्प्ट की कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 12. पकड़ा-पटका और सिर से सटाकर मारीं 3 गोली जबलपुर के सिहोरा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर जा रहे युवक को दो बदमाशों ने रोका। वह भागा तो उसका पीछा किया। एक बदमाश ने उसे पकड़कर सड़क पर पटक दिया। दूसरे ने युवक से सिर से सटाकर तीन गोलियां चला दीं। वारदात का वीडियो भी सामने आया था। वारदात खितौला थाना इलाके में बारीबहु स्टेडियम के पास हुई थी। हमलावर जिस मोटरसाइकिल पर आए थे, उसी पर बैठकर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान धर्मेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ चिंटू (45) के रूप में हुई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *