राजधानी जयपुर में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने एकतरफा प्यार और शादी के दबाव में अपनी भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान पूनम (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी देवर अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूनम नेहरू नगर की प्रेम बस्ती स्थित ससुराल में अपने दो बेटों के साथ रह रही थी। पांच साल पहले पति लक्की कटारिया की मौत के बाद वह घरों में काम कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। परिवार के अनुसार, पति की मौत के बाद सास ने देवर अनिल से पूनम की शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन पूनम ने साफ इनकार कर दिया था। पूनम नेहरू नगर की प्रेम बस्ती स्थित ससुराल के जिस घर में रहती थी उसमें उसकी तीन देवरानी-जेठानियां भी रहती हैं। इस घर में पूनम और उसकी एक बहन ललिता की शादी हुई थी। अनिल को घर में एंट्री नहीं देते थे परिजन ललिता ने बताया- पांच साल पहले पूनम के पति लक्की कटारिया की मौत हो गई थी, तब सास ने अनिल से पूनम की शादी करवाने की बात कही थी। तभी से उसके पूनम से शादी करने का भूत सवार था। उसकी जिद थी कि शादी करूंगा तो पूनम से ही करूंगा। साल भर पहले तक कई बार वह शराब पीकर घर आ जाता था, तो हमने उसे यहां से निकाल दिया था। साल भर से उसकी घर में एंट्री नहीं थी। उन्होंने बताया- शुरुआत में जब सास ने अनिल से पूनम की शादी की बात छेड़ी, तब हम सब भी राजी हो गए, क्योंकि अकेले वो कैसे दो बच्चों को पालेगी। सास ने भी यही देखा था कि भाई के लड़के के रहेगी तो कोई दिक्कत नहीं होगी। लेकिन पूनम को यह पसंद ही नहीं था। आरोपी अनिल की जिद थी कि पूनम से ही शादी करूंगा पूनम ने सास से साफ साफ कहा था कि जब मेरे नसीब में एक ही नहीं रुका तो दूसरे का क्या करना। उसने कहा था मुझे शादी ही नहीं करनी। लेकिन अनिल ने जिद कर ली थी कि वो पूनम से ही शादी करेगा। ललिता ने बताया- अनिल शराब पीने का आदी था। वो आज से ही नहीं, बचपन से ही शराब पी रहा था। अनिल की साल भर पहले घर में एंट्री बंद कर दी थी, क्योंकि शराब पीकर यहां आता तो कभी मेरे देवर से लड़ता, कभी मामाजी से लड़ लेता था। किसी से भी लड़ने-झगड़ने लग जाता था। अनिल के गलत आचरण के कारण वह किसी को पसंद भी नहीं था। ललिता ने बताया- दो दिन पहले अनिल इलाके में देखा गया था। मेरी बहन ने मुझे बताया था कि यहां कोने पर अनिल खड़ा था। उन्होंने बताया अनिल मौजूदा समय मे विश्वकर्मा में रहता है और क्रॉकरी का काम करता है। पूनम की देवरानी कोमल ने बताया- अनिल को पूनम दीदी ने शादी करने से मना कर दिया था। लेकिन वो जबरदस्ती परेशान कर रहा था। वह उसे फोन कर परेशान कर रहा था। उन्होंने बताया अनिल पर एकतरफा प्यार का भूत सवार था। मेरी सास ने शादी के लिए जब से अनिल के लिए बोला था तब से उसके दिमाग में पूनम से शादी की सनक थी। सुमन दीदी ने साल भर पहले उसको यहां आने के लिए मना कर दिया था, तब से वह यहां आ नहीं रहा था। परिवार में शोक पूनम की जेठानी सुमन ने बताया- पूनम की जिंदगी काफी संघर्षपूर्ण गुजर रही थी। पांच साल पहले पति की मौत के बाद वो बच्चों का गुजर बसर घरों में खाना बनाकर और साफ सफाई करके कर रही थी। पूनम का बड़ा बेटा विराट (13) और छोटा बेटा हिमांशु (8) है। दोनों बच्चे पास ही प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहे थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। उन्होंने बताया- अनिल का यहां आना मैंने ही बंद किया था, क्योंकि पूनम को वो परेशान कर रहा था। उस पर शादी का दबाव बना रहा था। अनिल की मां उसे बचपन में ही छोड़कर चल बसी थी। हम बनीपार्क में रहते थे, तब मेरी सास उसे यहां लाई थी और पाल पोस कर उसे बड़ा किया था। परिवार के लोगों ने बताया- अनिल पहले भी पूनम पर जानलेवा हमला कर चुका था, लेकिन उस समय पूनम किसी तरह बच गई थी। इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले और बुलंद हो गए। मौका पाकर अनिल ने फिर से पूनम पर हमला किया और इस बार उसकी हत्या कर दी। फिलहाल शास्त्री नगर पुलिस ने आरोपी अनिल को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि पहले हुए हमले के बाद क्या कार्रवाई हुई थी। ये खबर भी पढ़िए जयपुर में देवर ने चाकू से गोदकर विधवा-भाभी को मारा:शादी से मना करने पर नाराज था; घर से 100 मीटर दूर मंदिर के पास किया हमला जयपुर में देवर ने चाकू से गोदकर भाभी की हत्या कर दी। दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद देवर ने चाकू से ताबड़तोड़ 5-6 वार कर भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ में जुटी है। (पढ़िए पूरी खबर)


