साहब ! पति मेरी सफलता से जलता है:कानपुर में पत्नी बोली-मेरे काम में बन रहा रोड़ा; 36 लाख का लोन चुकाने को बना रहा दबाव, FIR

कानपुर के चकेरी में पति से पीड़ित पत्नी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि पति ने पहले तो अपना काम छोड़ दिया। पत्नी ने जो काम शुरू किया तो वो उसके बीच में रोड़ा बनने लगा। उसके साथ मारपीट और प्रताड़ित करने लगा। उसने घर और अन्य स्थानों को मिलाकर 36 लाख रुपए का लोन ले लिया है। इसके भुगतान के लिए वो पत्नी को ही प्रताड़ित कर रहा है। अब पूरा मामला पढ़िए… देहली सुजानपुर चकेरी निवासी स्वाति गुप्ता की शादी 20 साल पहले आशीष गुप्ता से हुई थी। दोनों के दो बच्चे नंदनी गुप्ता (17) और बेटा श्रेष्ठ गुप्ता (11) हैं। स्वाति के मुताबिक पति की बिराहना रोड में इलेक्ट्रिक की होलसेल दुकान है। जिससे घर का खर्च चलता है। स्वाति का आरोप है कि शादी के बाद से पति आशीष उनके साथ मारपीट व अनावश्यक बहस करता था। जब बच्चों की फीस देने और घर का खर्च देने की बात आती है तो पति बेरहमी से मारपीट और गाली गलौज करने लगता था। तंग होकर शुरू किया इवेंट मैनेजमेंट का काम
स्वाति के मुताबिक जब वह रोज रोज की मारपीट और लड़ाई झगड़े से तंग आ गई तो उन्होंने तीन साल पहले इवेंट मैनेजमेंट का छोटा मोटा काम शुरू किया। उसने काम को जमाने के लिए बहुत मेहनत की। जिसके कारण कुछ ही समय में काम अच्छा चलने लगा। जब काम अच्छा चलने लगा तो पति ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। वह घर का मेन गेट बंद कर देता था। इवेंट का सामान गायब कर देता। जिससे स्वाति की छवि मार्केट में खराब होने लगी। दुकान तक जाना छोड़ दिया
स्वाति के मुताबिक मेरा काम चलने के बाद पति ने दुकान तक जाना छोड़ दिया और घर पर दिन भर रुककर लड़ाई झगड़ा शुरू कर दिया। जिससे वह और उसके दोनों बच्चे दहशत में दिन गुजारने लगे। स्वाति के मुताबिक काम अच्छा चलने के कारण तीन साल से घर का खर्च उसी ने उठा लिया था और पति से खर्च नहीं ले रही थी। उसके बाद भी पति यही कहता कि वो दिवालिया हो गया परिवार के कारण। यह कहकर वो स्वाति और बच्चों पर मानसिक दबाव बनाने लगा। 36 लाख के लोन की किश्त देने का दबाव
स्वाति के मुताबिक पति ने घर के नाम पर तीस लाख और अन्य जगहों से ब्याज पर छह लाख रुपए कुल 36 लाख रुपए का लोन उठा लिया और अब उसका भुगतान करने के लिए वह स्वाति पर दबाव बनाने लगा। उसने स्वाति को यहां तक कहा कि कहीं से भी लाकर लोन जमा करो। साथ ही अपना खर्च भी स्वाति से उठाने के लिए दबाव बनाने लगा था। वो कहता था कि मैं अब कुछ नहीं करूंगा। स्वाति के मुताबिक पति के इस रुख के बाद बच्चे भी स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। दिन-रात सभी को जान से मारने की धमकी दी जाती है। इंस्पेक्टर चकेरी अशोक दुबे के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस झगड़े के पीछे मुख्य कारण क्या है इसका पता किया जा रहा है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *