साहू समाज कांग्रेस से नाराजगी अब सार्वजनिक तौर पर सामने आ रही है। पूरा विवाद समाज से ही ताल्लुक रखने वाले नेता संदीप साहू को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की पोजिशन से हटाने के बाद शुरु हुआ। जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से समाज की नाराजगी पर मीडिया ने सवाल किया तो बैज ने इसके पीछ़े भाजपा का हाथ बता दिया। बैज ने ये भी कहा कि हम समाज के साथ हैं।
दीपक बैज के इस बयान को लेकर साहू समाज के युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष देवदत्त साहू ने कहा- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। जब कांग्रेस की सरकार थी तब भूवनेश्वर साहू की हत्या की गई, तब इनका कोई मंत्री और दीपक बैज नहीं गए। समाज के लोगों ने आंदोलन किया था। इसी तरह लोहारडीह में प्रशांत साहू की हत्या हुई आंदोलन आज भी समाज कर रहा है ताकि न्याय मिले। देवदत्त ने आगे कहा- संदीप साहू को नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष के रुप में वापस बहाल कर दें, मामला खत्म हो जाएगा। बिना किसी कारण के उन्हें हटाने पर समाज का अपमान किया गया है । हमारा समाज प्रदेश का एक बड़ा समाज है हमारा समाज शालीनता के लिए जाना जाता है मगर समाज अब उग्र प्रदर्शन करेगा। बैज क्या बोले
हाल ही में इस मुद्दे पर कांग्रेस कार्यालय में समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। बैज ने कहा- समाज के लिए हमारे मन में सम्मान है। मगर ये पार्टी का मामला है । साहू समाज के लिए बड़ी लड़ाई कांग्रेस पार्टी और मैं खुद लड़ा हूूं। लोहारडीह में हमने आंदोलन किया परिवार को न्याय मिला और प्रशांत साहू को न्याय नहीं मिला है मुझे लगता है उसमें ताकत लगाते तो बेहतर होता, ये सिर्फ भाजपा के नेता प्रदर्शन कर रहे थे। समाज के लोगों को उकसाने का काम कर रहे हैं। क्यों हो रहा विवाद
कांग्रेस से टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पार्षद आकाश तिवारी को रायपुर नगर निगम का नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया है। वार्ड नंबर-1 के कांग्रेस पार्षद संदीप साहू अपने समर्थकों के साथ राजीव भवन पहुंच गए। पार्टी के प्रभारी महामंत्री मलकित सिंह गैदू के दफ्तर में इस फैसले के विरोध में जमकर हंगामा किया। दरअसल, नगर निगम बजट के पहले शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था। इसके लिए लेटर भी जारी कर दिया गया था। संदीप का दावा है कि उनकी नियुक्ति PCC की पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर की मौजूदगी में, सभी पार्षदों और विधायकों से चर्चा के बाद हुई थी। बीते बुधवार रात कांग्रेस की ओर से 10 नगर निगमों के नेता प्रतिपक्ष और उप नेता प्रतिपक्ष के नामों की नई लिस्ट जारी की गई। इसमें रायपुर से आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष और जयश्री नायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इससे पार्टी के भीतर नाराज़गी बढ़ गई है।


