सिंगरौली जिले के माता सबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, गड़ेरिया में कलेक्टर गौरव बैनल ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राचार्य और एक नियमित शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्राचार्य की एक वेतन वृद्धि रोकने और संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और जिम्मेदारी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की लाइब्रेरी की स्थिति भी असंतोषजनक मिली। यहां साफ-सफाई का अभाव था, बुकशेल्फ में अनुपयोगी सामग्री रखी थी और समाचार पत्रों और आवश्यक पुस्तकों की कमी पाई गई। लाइब्रेरियन भी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लाइब्रेरी को व्यवस्थित करने, नियमित समाचार पत्र उपलब्ध कराने और छात्राओं की रुचि के अनुसार पुस्तकों की पूर्ति के निर्देश दिए। लैब का किया निरीक्षण भौतिकी और रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाएं भी बंद पाई गईं। कलेक्टर ने लैब खुलवाकर निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई और संसाधनों की कमी दिखी। उन्होंने तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने और नियमित रूप से प्रैक्टिकल कराने के निर्देश दिए। कक्षा 12वीं में पहुंचकर कलेक्टर ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बोर्ड परीक्षा के लिए समय-प्रबंधन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की सलाह दी। छात्राओं ने आईएएस बनने को लेकर अपनी जिज्ञासा व्यक्त की, जिस पर कलेक्टर ने लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। जिला खनिज अधिकारी को जांच के निर्देश निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी मिली कि विद्यालय परिसर के पास संचालित स्टोन क्रशर से पढ़ाई में बाधा आ रही है। इस पर कलेक्टर ने जिला खनिज अधिकारी को तत्काल जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त, जनजाति कार्य विभाग मिथिलेश इवने भी उपस्थित थे।


