सिंगरौली के बरगवां में खैर पेड़ की कटाई, VIDEO:वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल; रेंजर ने दिए जांच के निर्देश

सिंगरौली जिले के बरगवां वन परिक्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का एक वीडियो सामने आया है। झुरही, देवरा और कोल्हा के जंगलों में बहुमूल्य खैर के पेड़ों की कटाई का यह वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में लंबे समय से कीमती लकड़ियों की अवैध कटाई जारी है। हैरानी की बात यह है कि इन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बीट गार्ड से लेकर अन्य चौकीदारों तक की तैनाती पहले से मौजूद है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद अवैध कटाई पर रोक नहीं लग पा रही है। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है। वीडियो में जंगल के भीतर कटे हुए खैर के पेड़ और लकड़ी के ठूंठ स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं, जो बड़े पैमाने पर नुकसान की ओर इशारा करते हैं। 50 से ज्यादा पेड़ों की कटाई स्थानीय निवासी अनिल कुमार शाह ने दावा किया है कि झुरही, देवरा और कोल्हा के जंगलों में करीब 50 से अधिक खैर के पेड़ों की कटाई की जा चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि जंगल के भीतर और भी पेड़ काटे गए हो सकते हैं, जिनकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। खुद जाकर करेंगे जांच इस मामले में बरगवां रेंज के रेंजर विकास मिश्रा ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी। यदि अवैध कटाई में किसी गिरोह या व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *