सिंगरौली के शासकीय भूमि से जेसीबी से गिरए गए कब्जे:महदेईया गांव में महावीर कोल वॉशरी की आवंटित भूमि पर 5 मकान ढहाए

सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के महदेईया गांव में मंगलवार को प्रशासन ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। दुधमनिया तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी की उपस्थिति में जेसीबी मशीन का उपयोग कर शासकीय जमीन पर बने पांच अवैध मकानों को ढहा दिया गया। प्रशासन के अनुसार, यह शासकीय भूमि पहले ही महावीर कोल वॉशरी कंपनी को आवंटित की जा चुकी थी। इसके बावजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बिना अनुमति के इस पर घर बनाकर कब्जा कर लिया था। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया। उनका तर्क था कि उनके पास रहने के लिए कोई अन्य स्थान नहीं है और वे वर्षों से यहीं रह रहे हैं। इस पर तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि सभी अतिक्रमणकारियों को एक महीने पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों में एक व्यक्ति ऐसा भी था जिसके पास कोई निजी जमीन नहीं है। हालांकि, उसका मकान भी शासकीय भूमि पर होने के कारण अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। ऐसे व्यक्ति को आश्वासन दिया गया है कि आवेदन करने पर शासन की योजना के तहत उसे शासकीय भूमि पर पट्टा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *