सिंगरौली जिले में किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी करने वाले एक दलाल को चितरंगी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि इसमें बैंक मैनेजर और एक व्यापारी फरार है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। चितरंगी थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि 24 नवंबर 2024 को चितरंगी के रहने वाले राजकुमार गोड ने इस बात की शिकायत दर्ज कराई थी कि त्रिवेणी सिंह बारगाही और तत्कालीन यूनियन बैंक के मैनेजर मैनेजर ने उनके साथ क्रेडिट कार्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी की है। इस प्रकरण की पुलिस लगातार विवेचना कर रही थी। मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा दो-दो हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। विवेचना के दौरान 22 दिसंबर को पुलिस ने त्रिवेणी सिंह बारगाही को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की जिस पर पता चला कि यूनियन बैंक चितरंगी शाखा के तत्कालीन मैनेजर राशिद खान और डॉक्टर प्रसाद शुक्ल के साथ मिलकर किसान क्रेडिट कार्ड लोन पर राजकुमार गोड की जमीन के कागज लिए और लूज चेक पर हस्ताक्षर करवाकर 4 लाख 90 हजार का लोन पास कराया। किसान को महज एक लाख रुपए दिए जबकि 3 लाख 90 हजार का अधिकांश हिस्सा त्रिवेणी सिंह बारगाही, बैंक मैनेजर और डॉक्टर प्रसाद शुक्ल ने अपनी फॉर्म शुक्ला आयरन के खाते में जमा करा लिए और राशि का बंदरबांट कर लिया। जिसके आधार पर पुलिस ने सोमवार को त्रिवेणी सिंह बारगाही को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। शेष दोनों आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।


