सिंगरौली के चीताही गांव में एक हुंडई कार में आग लग गई। घर के बाहर खड़ी यह कार कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना सोमवार देर रात गोरबी चौकी क्षेत्र की है। मालिक ने अज्ञात लोगों की ओर से आग लगाने की आशंका जताई जा रही है। शराब के नशे में परिवार के सदस्य पर आग लगाने की आशंका कार मालिक मोले प्रसाद ने बताया कि घटना के समय परिवार का एक सदस्य नारायण प्रसाद घर के पास शराब पी रहा था। मोले प्रसाद का आरोप है कि शराब के नशे में नारायण प्रसाद ने ही गाड़ी में आग लगाई। परिजनों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है पुलिस घटना के बाद कार मालिक ने गोरबी चौकी में अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई कार का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार में आग किन परिस्थितियों में लगी और यह लापरवाही का नतीजा था या जानबूझकर की गई आगजनी। मामले की विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


