सिंगरौली जिले के कांजी गांव में एक घर से चार लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित राम प्रताप शाह ने आरोप लगाया कि उनके घर में घुसकर रुपए लूटे गए और बच्चों के साथ मारपीट की गई। वहीं पुलिस ने लूट की घटना से इनकार करते हुए इसे जमीनी विवाद से जुड़ा मामला बताया है। पीड़ित बोला- जबरन चार लाख लिए, विरोध करने पर बच्चों को पीटा राम प्रताप शाह के अनुसार, उन्होंने हाल ही में घर निर्माण के लिए अपनी जमीन 4 लाख 40 हजार रुपए में बेची थी। इसमें से चार लाख रुपए उन्होंने घर में रखे थे। रविवार दोपहर जब वे घर पर मौजूद नहीं थे, उस समय उनके तीन बच्चे घर में अकेले थे। इसी दौरान नंदलाल शाह और अजय शाह घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने बच्चों के पास रखे चार लाख रुपए जबरन ले लिए और विरोध करने पर बच्चों के साथ मारपीट कर मौके से फरार हो गए। डायल 112 से घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से तीनों घायल बच्चों को खुटार अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारी बोले- यह लूट नहीं, जमीनी विवाद वहीं मामले में नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीनी विवाद चला आ रहा है। प्रारंभिक जांच में लूट जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है, लेकिन मारपीट की पुष्टि हुई है। पीएस परस्ते ने बताया- घायलों को डायल 112 के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


