सिंगरौली जिले के खुटार चौकी क्षेत्र के काजी गांव में 28 नवंबर की रात हुई एक संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह गला घोंटकर की गई हत्या निकली, जबकि पहले इसे आत्महत्या माना जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 29 नवंबर को आरोपी खुद खुटार चौकी पहुंचा था और उसने बताया था कि उसके बड़े भाई ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच के दौरान मृतक के गले पर निशान मिले, जिससे संदेह गहरा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पुष्टि की कि मौत दम घुटने से हुई थी। हत्या के तीन कारण पूछताछ में आरोपी छोटे भाई ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे तीन मुख्य कारण सामने आए हैं। इनमें सबसे प्रमुख कारण मृतक का आरोपी की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। आरोपी ने कई बार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। अन्य कारणों में संपत्ति विवाद और मृतक की शराब की अत्यधिक लत शामिल है। इन्हीं कारणों से परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे। हत्या की रात आरोपी ने शराब के नशे में बड़े भाई पर हमला किया। उसने रस्सी से गला घोंटकर भाई की हत्या कर दी। बाद में उसने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते की टीम द्वारा की गई गहन विवेचना के कारण यह मामला सुलझ सका। पुलिस ने मृतक के चार अन्य करीबी सदस्यों को भी हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। मामले की आगे की जांच जारी है।


