सिंगरौली में दुकान आगजनी का वीडियो आया सामने:पीड़ित ने एसपी से शिकायत की, ₹1 लाख से अधिक का नुकसान

सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोडवां में एक किराना दुकान में आगजनी की पुरानी घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित दुकानदार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित अंशुमान सिंह, निवासी ग्राम गोडवां, ने बताया कि पिछले साल 27 नवंबर की रात करीब 1 बजे उनकी किराना दुकान में आग लगा दी गई थी। इस घटना से पहले कुछ लोगों के साथ उधार सामान मांगने को लेकर उनका विवाद हुआ था। अंशुमान सिंह का आरोप है कि उधार देने से मना करने पर उन्हें फोन और मैसेज के जरिए दुकान जलाने की धमकी दी गई थी। धमकी के कुछ घंटों बाद ही दुकान में आग लगा दी गई, जिससे दुकान में रखा किराना सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आगजनी में ₹1 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद जियावन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब वीडियो साक्ष्य के साथ वह एसपी कार्यालय पहुंचे हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी इस मामले में जियावन थाना प्रभारी रोशनी कुर्मी ने दैनिक भास्कर डिजिटल को बताया कि पुलिस लगातार जांच कर रही है। पीड़ित द्वारा जिन लोगों पर धमकी देने और आग लगाने का आरोप लगाया गया है, उनके खिलाफ फिलहाल आगजनी से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य या प्रत्यक्ष प्रमाण सामने नहीं आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले में कोई लापरवाही नहीं कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *