सिंगरौली में परसौना पुल के पास ऑटो पलटा:ओवरस्पीड और अधूरे चौड़ीकरण से 4-5 लोग घायल

सिंगरौली जिले के परसौना क्षेत्र में सोमवार रात लगभग 11 बजे एक सड़क हादसा हुआ। परसौना पुल के पास एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो तेज गति से आ रहा था। परसौना पुल के पास सड़क की खराब स्थिति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया। हादसे में कुछ घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मौके पर पहुंचे। संगठन की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, लेकिन सभी खतरे से बाहर हैं। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए परसौना पुल के चौड़ीकरण के अधूरे निर्माण कार्य को मुख्य वजह बताया है। उनका कहना है कि पुल के पास सड़क संकरी है, निर्माण सामग्री बिखरी रहती है और पर्याप्त सुरक्षा संकेतक भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे यहां आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पुल के चौड़ीकरण का अधूरा कार्य जल्द पूरा किया जाए और सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं। इस मामले पर एमपी आरडीसी प्रबंधक समीर गोहर ने बताया कि यह सड़क 4 लेन के लिए प्रस्तावित है और जल्द ही इसका काम शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि तब तक उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां हादसे हो रहे हैं, और वहां सड़क को फिलहाल चलने लायक बनाने तथा चेतावनी बोर्ड लगाकर हादसों को रोकने का प्रयास किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *