सिंगरौली जिले में रविवार देर रात एक हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के गोभा पुलिस चौकी इलाके में 29 वर्षीय युवक सुरेश बैगा की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चारगोड़ा निवासी सुरेश बैगा (29) के रूप में हुई है, जो ग्राम खकरिया टोला का रहने वाला था। यह घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। सुरेश बैगा अमलोरी से उत्तर प्रदेश के बीजपुर NTPC के लिए कोयला ढुलाई हेतु बने रेलवे ट्रैक के पास था, तभी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी और कोतवाली प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है कि युवक ट्रैक पर कैसे पहुंचा और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। रेलवे को ठोस कदम उठाने होंगे कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह ने हादसे की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए रेलवे और प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।


