सिंगरौली में यातायात नियमों का उल्लंघन:1215 चालकों पर कार्रवाई, 6.30 लाख रुपए जुर्माना वसूला

सिंगरौली में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 26 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस 15 दिवसीय अभियान के तहत, पहले दस दिनों में 1215 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान 6 लाख 30 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 754 चालकों से 2 लाख 26 हजार 200 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, बिना वैध बीमा के 11 वाहनों पर 11 हजार रुपए, बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले 320 वाहनों पर 1 लाख 60 हजार रुपए और तेज गति से वाहन चलाने वाले 10 चालकों पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 110 वाहन चालकों से 2 लाख 23 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। इस अभियान के तहत, पुलिस लगातार ट्रैफिक चेकिंग के साथ-साथ शासन की यातायात सुरक्षा योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार कर रही है। राहगीर योजना, हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना और कैशलेस उपचार जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है। इसके लिए मुख्य चौराहों, पेट्रोल पंपों, पार्कों और सरकारी कार्यालयों में फ्लेक्स-बैनर लगाए गए हैं। सिंगरौली पुलिस ने सभी वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाने का आग्रह किया है। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *