सिंगरौली जिले में परिवहन विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया है। इस दौरान कई चेक-पॉइंट्स पर जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से 15 लाख 10 हजार रुपए का राजस्व वसूला गया। परिवहन विभाग ने बंधा-उज्जैनी माइंस क्षेत्र को अवैध खनिज परिवहन के लिए ‘हाई-रिस्क जोन’ घोषित किया है। जांच में पाया गया कि कई वाहन बिना पंजीयन, फिटनेस, बीमा और वैध परमिट के खनिज का परिवहन कर रहे थे। इससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा था और सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ रहा था। करोटी चेकिंग अभियान के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने पर एक वाहन स्वामी के विरुद्ध थाना बैढन में एफआईआर दर्ज की गई है। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे मामलों में केवल वाहन जब्त नहीं किए जाएंगे, बल्कि सीधे आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में परिवहन और खनिज विभाग मिलकर संयुक्त अभियान चलाएंगे। इसमें बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन संचालकों पर भारी जुर्माना, एफआईआर और परमिट निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


