सिंधिया ने भाजपा विधायक को बताया भगवान जैसा:सीएम का शीर्षासन और मयूरासन देखकर बाबा रामदेव हैरान; संसद में ‘राजा साहब’ की झपकी

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सीएम का योग देखकर बाबा रामदेव भी हैरान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव योग में बाबा रामदेव को टक्कर देते नजर आए। सीएम हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ पहुंचे थे, जहां उन्होंने बाबा रामदेव के साथ शीर्षासन और मयूरासन जैसे कठिन आसन किए। सीएम का यह रूप देखकर बाबा रामदेव भी हैरान रह गए। जब मुख्यमंत्री ने हाथों के बल बेहतरीन संतुलन के साथ मयूरासन किया तो बाबा रामदेव ने कहा- मोहन जी का व्यक्तित्व हमने बहुत तरीकों से देखा है, लेकिन ये मयूरासन इतना जबरदस्त करते हैं कि यह देखकर मैं हैरत में हूं। इतने संतुलन के साथ करते हैं। मुख्यमंत्री ने रामदेव के साथ अपने योग का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कह रहे हैं कि जिस तरह सीएम ने योग में संतुलन दिखाया है, उसी तरह वे राजनीति में भी संतुलन के साथ सरकार चला रहे हैं। मंत्री और प्रभारी ने घुमाए भारी भरकम मुगदर
भाजपा सरकार में मंत्री और संगठन के लोग भी कम नहीं पड़ रहे हैं। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह भारी-भरकम मुगदर घुमाते नजर आए। दोनों नेता सागर पहुंचे थे, जहां एक अखाड़े में उन्होंने पहलवानी का दम दिखाया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने डॉ. महेंद्र सिंह की तुलना में ज्यादा भारी और बड़े मुगदर उठाए। वे हालांकि कुछ ही देर में उन्हें नीचे रखते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद लोग अब कह रहे हैं कि मंत्री जी तो पहलवान निकले। सिंधिया बोले- प्रभुराम जी मेरे लिए भगवान तुल्य
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक प्रभुराम चौधरी को भगवान तुल्य बताया। मंच पर प्रभुराम चौधरी का हाथ पकड़ते हुए सिंधिया ने कहा- ये मेरे प्रभु हैं। इनका केवल साथ ही नहीं, इनका आशीर्वाद भी सदैव मेरे साथ रहता है। उन्होंने आगे कहा- जिन भी लोगों ने मेरे पिता जी के साथ काम किया है, वे मेरे लिए भगवान तुल्य हैं। उसी तरह मेरे प्रभु, प्रभुराम जी भी हैं। सिंधिया ने उन नेताओं का भी गुणगान किया, जिन्होंने उनके भाजपा में आने के समय अपने मंत्री और विधायक पद से इस्तीफा देकर उनका साथ दिया था। सिंधिया ने कहा- जब छह कैबिनेट मंत्री और 19 विधायकों ने एक सेकंड भी नहीं लगाया और अपने मंत्री पद व विधायकी का त्याग कर दिया तो मैं ऐसे वीरों को सलाम करता हूं। अब लोग कह रहे हैं कि जब इन नेताओं ने सिंधिया के राजनीतिक जीवन के सबसे बड़े फैसले में उनका साथ दिया तो उनका गुणगान होना ही है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि सिंधिया ने यह बयान देकर कांग्रेस के जख्मों पर नमक छिड़कने का भी काम किया है। संसद में नींद की झपकियां लेते दिखे ‘राजा साहब’
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह संसद में नींद की झपकियां लेते नजर आए। उस वक्त राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भाषण चल रहा था। इस दौरान ‘राजा साहब’ नींद से जूझते दिखाई दिए। वे कभी आंखें खोलते तो कभी बंद कर लेते। कभी उबासी लेते तो कभी नींद से लगे झटके से खुद को संभालते। हालांकि, बीच-बीच में अपने नेता की बातों पर मेज थपथपाते हुए समर्थन जताते भी दिखे। भाजपा ने दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं के संसद में झपकियां लेने का वीडियो साझा किया है। भाजपा ने तंज कसते हुए कहा- खड़गे जी की बातें हैं या नींद की गोली? ये भी पढ़ें –
आधी रात को भाजपा विधायक का थाने पर छापा: कांग्रेस विधायक ने अफसर को कहा- जेल भेज दूंगा विदिशा जिले के सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा आधी रात को अपने क्षेत्र के आनंदपुर थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने देखा कि पूरा थाना ही गहरी नींद में था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो विधायक ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया है। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *