सिंहभूम इंडस्ट्री एसोसिएशन ने ऊर्जा दक्षता और लागत प्रबंधन कार्यशाला आयोजित

भास्कर न्यूज | सरायकेला औद्योगिक क्षेत्र की औद्योगिक संस्था सिंहभूम इंडस्ट्री एसोसिएशन (सिया) द्वारा बुधवार को उद्यमियों के लिए ऊर्जा बचत और लागत प्रबंधन के विषयों पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। आदित्यपुर स्थित मोटल मधुवन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अदिति योजना रही। इसका प्राथमिक उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में बिजली की खपत को कम कर उत्पादन लागत में कटौती करना है। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक प्रेमरंजन ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए ऊर्जा दक्षता की आधुनिक तकनीकों को अपनाना अनिवार्य है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सिया अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उद्योगों के लिए बढ़ती बिजली दरें और उत्पादन लागत एक बड़ी चुनौती है, जिसे सरकारी योजनाओं और स्मार्ट टेक्नोलॉजी के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है। विशेषज्ञों और वक्ताओं, जिनमें विकास मुखर्जी, जोगिंदर ठाकुर और रवि भारद्वाज शामिल थे, ने बिजली खपत को न्यूनतम स्तर पर लाने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, एनर्जी ऑडिटर मधुमिता कौर और डॉ. प्रत्याशा त्रिपाठी ने तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महासचिव उदय सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष कुमार घोष और ईईएसएल के वित्तीय अधिकारी मधुकर श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य उद्यमी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *