भास्कर न्यूज | जशपुरनगर विकासखंड मनोरा के संकुल केंद्र सह पूर्व माध्यमिक शाला सिकरी में गणितीय अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से सीखने के लिए ‘मापन मेला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बीईओ तरुण पटेल और विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक आशुतोष शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। मेले में संकुल की छह शालाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने गतिविधि आधारित 14 स्टॉल के माध्यम से मापन से जुड़ी अवधारणाओं को अनुभवात्मक ढंग से समझा। मेला में लंबाई, समय, कैलेंडर, ऊंचाई, धारिता, परिमाप और क्षेत्रफल जैसे विषयों को खेल-खेल में सिखाया गया। “मेरी लंबाई कितनी?”, सटीक आकलन और खरीद-बिक्री जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी सक्रिय सहभागिता दिखाई। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों की गणित में रुचि बढ़ी और उनकी समझ में सुधार देखने को मिला। मेला के समन्वय का दायित्व सीएसी सिकरी प्रशांत षड़ंगी ने निभाया। आयोजन को सफल बनाने में प्रधान पाठक किशोर भगत, ब्रह्मदेव सिंह और धुरमल प्रधान का विशेष योगदान रहा। साथ ही संकुल मेंटर शिक्षक आनंद किशोर बरवा, संतोषी नागदेव, दीपक तिर्की, गणेश राम और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन मनोरा के चंद्रदेव नायक समेत सिकरी, काटाबेल और गजमा के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मेला को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।


