सितली की सफाई, पाथवे भी बना रहे

भास्कर न्यूज| महासमुंद स्वाध्याय केन्द्र समिति महासमुंद व सहयोगी संस्था श्री बालाजी कृष्ण गोपाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान वर्तमान में अपनी पूरी गति के साथ प्रगति पथ पर है। शहर की जल संरचनाओं के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह जन-अभियान अब धरातल पर मूर्त रूप लेता दिखाई दे रहा है। अभियान के वर्तमान चरण में सितली नाला क्षेत्र के दोनों तटों पर विशेष कार्य किया जा रहा है, जिसमें नाले के दोनों ओर व्यवस्थित रूप से मलबा डालकर पैदल पार पथ (पेडेस्ट्रियन पाथवे) के निर्माण के लिए लेवलिंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इस कार्य में अत्याधुनिक चैन माउंटेन मशीन को भी लगाया गया है, जिसके सक्रिय होते ही पूरे अभियान की गति कई गुना बढ़ गई है और गहरीकरण व सौंदर्यीकरण के कार्यों में भी उल्लेखनीय तेजी आई है। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्रही और सचिव मोहन साहू सहित सदस्यों ने इस पुनीत कार्य को शहर की गरिमा और भविष्य के जल संकट के निवारण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया है। अभियान की सफलता को सुनिश्चित करने हेतु समिति ने समस्त महासमुंद शहर वासियों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य अनुसार इस अभियान से जुड़ें। नागरिकों से आग्रह किया है कि वे न केवल शारीरिक रूप से श्रमदान करें, बल्कि मानसिक और आर्थिक रूप से भी अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान कर इस जन-हितैषी संकल्प को सिद्ध करने में अपनी महती भूमिका निभाएं। जन-सहयोग की इसी भावना से न केवल सितली नाला अपने पुराने स्वरूप को प्राप्त करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण भी तैयार हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *