भास्कर न्यूज | रामगढ़ सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में रविवार को शहर के बाजारटांड़ स्थित सिदो-कान्हू जिला मैदान में सामूहिक विवाह उत्सव का आयोजन किया गया है। जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सांसद ने बताया कि सामूहिक विवाह को लेकर 101 जोड़े वर-वधु का चयन पारदर्शिता के साथ किया गया है। यह आयोजन केवल विवाह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के सबसे जरूरतमंद वर्ग को सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करने का सामाजिक संकल्प है। पिछले लगभग डेढ़ महीने से चयन प्रक्रिया लगातार चल रही थी, जिसमें लगभग 450 आवेदन आये थे। मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों एवं सांसद कार्यालय के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की गहन जांच एवं सत्यापन के बाद 101 अत्यंत जरूरतमंद जोड़ों का चयन किया गया। इनमें गरीब, अनाथ अथवा अभिभावक विहीन परिवारों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार समेत कई सांसद व विधायक शामिल होंगे। कार्यक्रम को पूरी तरह से ऐतिहासिक बनाने की योजना है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, पीवीयूएनएल के सांसद प्रतिनिधि राधेश्याम अग्रवाल, कोयलांचल सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, अनमोल सिंह, राजू चर्तुवेदी, विजय जायसवाल व रंजन फौजी सहित कई भाजपा नेता शामिल थे।


