सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में फिर टली सुनवाई:मानसा कोर्ट में पिता नहीं हुए पेश, 22 अगस्त को गवाहों के उपस्थित होने के आदेश

मानसा की कोर्ट में आज शुक्रवार को सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में गवाही होनी थी। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह किसी कारण कोर्ट में पेश नहीं हो सके। मामले के वकील एडवोकेट सतेंद्रपाल सिंह मित्तल ने बताया कि तीन सरकारी गवाह कोर्ट में पेश हुए, लेकिन उनकी गवाही नहीं हो सकी। आरोपियों में से दीपक टीनू जो तिहाड़ जेल में बंद है, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश नहीं हुआ। इसी तरह कपूरथला जेल में बंद प्रभदीप सिंह और मनप्रीत भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश नहीं हुए। बाकी आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। कोर्ट ने अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 अगस्त निर्धारित की है। साथ ही कोर्ट ने सभी गवाहों को अगली सुनवाई पर उपस्थित होने के आदेश भी जारी किए हैं। 3 साल पहले हुई थी हत्या सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में हुई थी। वह अपनी थार जीप में दो दोस्तों के साथ जा रहे थे, जब उन पर हमलावरों ने गोलियां चलाईं। हमलावरों में 6 शूटर शामिल थे, जो लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के थे। इस हत्याकांड को गोल्डी बराड़ ने कनाडा से बैठकर प्लान किया था, जिसमें लॉरेंस का भाई अनमोल और भतीजा सचिन थापन भी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *