श्री सिद्धेश्वर महादेव फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में शहर के बड़े राजबाग मैदान में चल रही जिला स्तरीय 17 वर्षीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। यह प्रतियोगिता पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय विवेक शर्मा (सिंकू) और स्वर्गीय सौरव कुशवाह (बाजी) के याद में आयोजित हुई। यहां सिद्धेश्वर ए और सीमेंट फैक्ट्री के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें सिद्धेश्वर ए की टीम ने रोमांचक जीत दर्ज की। आयोजन सचिव अरुण शर्मा (टिंकू) ने बताया कि दोपहर 3 बजे 17 वर्षीय आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला सिद्धेश्वर ए और सीमेंट फैक्ट्री में टीम के बीच खेला गया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पाई। मैच के सेकंड हाफ में सिद्धेश्वर ए के चित्रांश ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सीमेंट फैक्ट्री टीम के सारिक ने भी 1 गोल करते हुए स्कोर 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच के अंतिम क्षणों में सिद्धेश्वर ए के खिलाड़ी ऋतिक खंगार (राज) ने डी बॉक्स के बाहर से शानदार शूट लिया, जिसे गोलकीपर नहीं रोक पाया और गोल हो गया। इसके कुछ समय बाद ही मैच समाप्त हो गया और सिद्धेश्वर ए की टीम ने यह फाइनल मुकाबला 2-1 जीत लिया। 3 मैचों की सीरीज बजरिया ने जीती इससे पहले शहर और बजरिया के बीच चल रही 3 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला गया, जिसमें बजरिया की टीम ने 2-0 से शहर को हराया। इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम की। इसके बाद प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष श्रीचरण महावर थे तथा अध्यक्षता पार्षद बीना गौतम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह राठौड और साधना सिंह उपस्थित रहे। समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 17 वर्षीय आयु वर्ग का बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार सिद्धेश्वर ए के खिलाड़ी ऋतिक खंगार को दिया गया।


