भास्कर न्यूज | सरायकेला झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में केंद्रीय प्लास्टिक अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) द्वारा एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 9 फरवरी को पूर्वाह्न 10:30 बजे से एनआर अपग्रेड प्लस टू विद्यालय, सरायकेला परिसर में आयोजित होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कैलाश मिश्रा द्वारा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को जारी पत्र के अनुसार, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्लास्टिक इंजीनियरिंग, आधुनिक तकनीकी शिक्षा तथा इससे जुड़ी करियर संभावनाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम के दौरान सिपेट के विशेषज्ञ प्लास्टिक प्रौद्योगिकी में हो रहे नवीनतम विकास, उद्योग की मांग तथा छात्रों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक और रोजगार अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से एक-एक शिक्षक की सहभागिता सुनिश्चित करें।


