सिमडेगा के एक युवक ने स्टेशन रोड के होटल के कमरे में लगाई फांसी

चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित होराज रेसीडेंसी के एक कमरे में मंगलवार की देर शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम दानिश इस्लाम है। वह दो दिनों से अपनी प्रेमिका के साथ कमरा नंबर-303 में रुका हुआ था। दानिश मूल रूप से सिमडेगा का रहने वाला है। 31 दिसंबर को उसने अपनी प्रेमिका को भी सिमडेगा से रांची बुला लिया था। दानिश ने कांटाटोली स्थित एक कपड़ा दुकान में अपने लिए काम ढूंढा था। प्रेमिका बाथरूम गई हुई थी। इसी बीच दानिश ने उसके दुपट्टा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह बाथरूम से निकली तो दानिश को फंदे पर लटका देख शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर होटल कर्मी वहां पहुंचे और तुरंत शव को फंदे से उतारा। आनन-फानन में युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों को दी। इसके बाद मृतक के पिता रांची पहुंचकर युवती के अलावा होटल संचालक समेत चार के खिलाफ चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आठ दिन पहले जॉब की तलाश में रांची आया था दानिश इस्लाम युवक-युवती के बीच तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करने के लिए भी तैयार थे। ऐसे में युवक जॉब करने के लिए 31 दिसंबर को ही सिमडेगा से रांची पहुंचा था। काफी प्रयास के बाद भी उसे काम नहीं मिल रहा था। परेशान होकर उसने कांटाटोली स्थित एक जींस की फैक्ट्री में काम पकड़ा था। हालांकि, वहां भी वह परेशान था। इसके बाद अचानक फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *