मनोज सिन्हा सिमडेगा जिले में लोग गुजरते हुए साल को विदाई देने और नववर्ष का स्वागत करने के उद्देश्य से पर्यटन स्थलों की ओर रुख करने लगे हैं। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर सिमडेगा जिले के पर्यटन स्थलों में दानगद्दी भी शामिल है। सिमडेगा जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर बोलबा प्रखंड में स्थित दानगद्दी लोगों का पसंदीदा पर्यटन स्थल है, जहां नववर्ष के अवसर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। जिले के विभिन्न प्रखंडों और पड़ोसी राज्यों ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ से भी वर्षभर यहां लोगों का आगमन होता रहता है। यहां की हरी- भरी वादियां और चट्टानों के बीच से निकलती कलकल करती जलधारा लोगों का मन मोह लेती है। मोबाइल नेटवर्क की मांग: रोज की व्यस्तता से अलग हटकर यहां फुरसत के पल बिताने वाले सैलानी इस स्थल की तारीफ करते नहीं थकते हैं। यहाँ पिकनिक मनाने पहुंचीं रोशनी,नव्या, प्रियंका और हेमंती ने इस स्थल की जी भरकर तारीफ की। साथ ही यहाँ मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।


