भास्कर न्यूज|सिमडेगा सिमडेगा कॉलेज में बुधवार को पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से गांधी फेलोशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. देवराज प्रसाद एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। ओरिएंटेशन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गांधी फेलोशिप के अवसरों, उसके लाभों और चयन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करना था, जिससे युवा सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभा सकें और अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकें। कार्यक्रम का संचालन गांधी फेलो अंशुमान कुमार और रितेश मिश्रा ने किया। उन्होंने फेलोशिप की चयन प्रक्रिया, कार्यक्षेत्र, लाभ और समाज पर इसके प्रभाव के बारे में विस्तार से चर्चा की। छात्रों को यह भी बताया गया कि यह फेलोशिप कैसे उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर रूप से सशक्त बना सकती है। विद्यार्थियों ने फेलोशिप से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने इस अवसर को महत्वपूर्ण बताते हुए समाज सेवा में अपनी भूमिका पर चर्चा की।


