सिरपुर महोत्सव…इंडियन आइडल कलाकारों ने बिखेरे सुर:महानदी तट पर नितिन कुमार, नचिकेत लेले और वैशाली रायकवार ने दी प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के दूसरे दिन संगीतमय और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। इस दौरान इंडियन आइडल फेम कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा। सोमवार रात 8 बजे से 10 बजे तक इंडियन आइडल सीजन 10 के नितिन कुमार, सीजन 12 के नचिकेत लेले और सुप्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार ने मंच संभाला। उन्होंने अपनी सुमधुर आवाज़ में बॉलीवुड, सूफी, भक्ति और आधुनिक गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों के लोकप्रिय गीतों पर श्रोता झूमते नजर आए। मधुर प्रेम गीतों पर दर्शक थिरके, वहीं भक्ति और सूफी रचनाओं ने वातावरण को श्रद्धा और शांति से भर दिया। आधुनिक गीतों के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कलाकारों ने सिरपुर की धार्मिक-सांस्कृतिक को सराहा इस कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और दर्शकों के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। कलाकारों ने सिरपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता की सराहना की और यहां प्रस्तुति देने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दर्शकों का आभार जताया। सिरपुर महोत्सव का समापन आज मीत ब्रदर्स की प्रस्तुति के साथ होगा। महोत्सव के अंतिम दिन दिनभर विविध शास्त्रीय और लोक प्रस्तुतियाँ होंगी, जिसके बाद रात 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर और बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। आज ये देंगे प्रस्तुति मीत ब्रदर्स, जिनके सुपरहिट गीतों ने देशभर के युवाओं और संगीत प्रेमियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है, इस अवसर पर अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। अपने “चल घर चलें मेरे हमदम, होंगे जुदा ना जब तक है दम”, “तेरे संग यारा, खुशरंग बहारा”, “आईना है तू, आईना मैं हूँ, तेरा ही चेहरा दिखता मुझमें” जैसे मधुर और भावनात्मक गीतों के साथ मीत ब्रदर्स की प्रस्तुति सिरपुर महोत्सव को यादगार बनाएगी। इससे पूर्व दोपहर 2 बजे से विभिन्न कलाकारों द्वारा कत्थक, ओडिसी, पंथी, बस्तरिहा नृत्य, डंडा नृत्य और लोक प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी रहेगा। शाम 4ः30 बजे से 5ः30 बजे तक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद लोक साधना की प्रस्तुति होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *