सिरफिरा हमलावर: दौलतगंज क्षेत्र में मैजिक चालक को गले में चाकू मारा, 17 टांके आए

शनिवार को एक सिरफिरे व्यक्ति ने दौलतगंज क्षेत्र में मैजिक चालक को गले में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मैजिक चालक को 17 टांके आए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं इसी हमलावर ने इसके पहले चामुंडा माता चौराहे पर भी एक मैजिक वाहन में बैठे यात्रियों पर हमला किया। इस दौरान पुणे से दर्शन के लिए आए इंजीनियर युवक को भी हमलावर ने चाकू मारकर घायल कर दिया। आंध्रप्रदेश के रहने वाले रवि चिट्टी ने बताया कि वह मूल रूप से आंध्रप्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में इंजीनियर के रूप में पुणे में जॉब करता है। रवि ने बताया मैं महाकाल दर्शन करने के लिए 2 अक्टूबर को उज्जैन आया था। यहां दो दिन देव दर्शन करने के बाद शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे ओंकारेश्वर जाने के लिए मैजिक वाहन से बस स्टैंड की ओर जा रहा था। चामुंडा माता चौराहा के पास गाड़ी के पहुंचने पर एक व्यक्ति आया और बिना कोई बात के मैजिक ड्राइवर सहित गाड़ी में बैठे अन्य लोगों के साथ मारपीट करने लगा। इस दौरान उस व्यक्ति ने रवि पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। रवि को हाथ और सीने पर चाकू लगा। हमला करने के बाद हमलावर तत्काल भाग गया। लोगों की मदद से रवि को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे सीने पर तीन टांके लगाए गए। इस घटना के कुछ देर बाद ही अज्ञात हमलावर दौलतगंज क्षेत्र पहुंचा। वहां ट्रैफिक जाम होने की वजह से 45 वर्षीय मैजिक चालक कमल पिता शोभाराम महावर निवासी भैरवगढ़ भी फंसे हुए थे। इसी दौरान अचानक वह सिरफिरा हमलावर उनके पास आया और गले पर चाकू से गहरा वारकर भाग गया। गंभीर हालत में कमल को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनकी पत्नी सुनीता ने बताया पति कमल को गले में गहरा जख्म हुआ है और ​​​​​​​उन्हें 17 टांके लगाए हैं। कमल ने पत्नी सुनीता को बताया कि हमलावर को वह नहीं पहचानते। वे केवल इतना ही देख पाए कि हमलावर ने लाल रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी और ​​​​​​​ वह लंबी हाइट का था। पुलिस हमलावर देर रात तक तलाशती रही लेकिन वह नहीं मिला। कोतवाली सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया प्राथमिक रूप से हमलावर कोई सिरफिरा व्यक्ति है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर उसकी तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *