भास्कर न्यूज | कुसमी सामरी थाना क्षेत्र के ग्राम गदामी में एक सिरफिरे युवक ने पत्थर से पांच ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। घायलों में चार महिलाएं और एक बुजुर्ग शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया है। इधर, हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है। गुरुवार को ग्राम चांदो के देवढांड में मेहमानी में आए ग्राम गदामी की 45 वर्षीय सुंदरी पति सोहरा, 52 वर्षीय सोहरा, 50 वर्षीय लरंगी पति भूलन, 52 वर्षीय मनही पति पईता और 60 वर्षीय सहकी पति झाड़ू पर ग्राम सबाग के सुरलूंगडीह निवासी 20 वर्षीय अनिल नगेशिया ने अचानक हाथ में रखे पत्थर से सभी पर जानलेवा हमला कर दिया। लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक अनिल ने पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर किसी तरह युवक को पकड़ लिया, नहीं तो वह और लोगों पर भी हमला कर सकता था। हमले में घायलों के सिर पर गंभीर चोट लगी है, जिन्हें संजीवनी व हिण्डाल्को की एंबुलेंस से कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को रेफर कर दिया गया। वहीं ग्रामीणों ने पकड़े गए हमलावर युवक को पुलिस को सौंप दिया है।


