कांडला राजमार्ग पर अनादरा थाना क्षेत्र में एक गैस टैंकर लीक हो गया। यह घटना थाने से लगभग 500 मीटर दूर हनुमान मंदिर के पास हुई। गैस रिसाव के कारण राजमार्ग को बंद कर दिया गया है और यातायात को डायवर्ट किया गया है। जानकारी के अनुसार गुजरात से सिरोही की ओर आ रहा एक गैस टैंकर अचानक लीक हो गया। गैस रिसाव होते ही आसपास के होटल और ढाबों पर भगदड़ मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर, होटल और ढाबा संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। गैस लीक की सूचना मिलते ही अनादरा, रेवदर और सिरोही सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात को पूरी तरह से डायवर्ट करना शुरू कर दिया। लगभग आधा किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी होटल और ढाबों को बंद करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने छोटे वाहनों और दोपहिया वाहनों को अनादरा से सेल्वाड़ा होते हुए रेवदर रोड की ओर मोड़ा। बड़े वाहनों को करौटी से आबूरोड की तरफ डायवर्ट किया गया। सिरोही सदर पुलिस ने कृष्णगंज चौकी की तरफ से स्वरूपगंज की ओर जाने वाले बड़े वाहनों का रास्ता भी बदल दिया है। इस घटना के कारण राजमार्ग पर दोनों तरफ करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। कई वाहन चालकों ने पास के होटलों और ढाबों पर शरण ली है। जिला प्रशासन ने गैस कंपनी के अधिकारियों को घटना की सूचना दी है और उन्हें तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं, ताकि गैस रिसाव को रोका जा सके और क्षेत्र के निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए कांडला राजमार्ग पर यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।


