रायसेन सिलवानी कस्बे में बकाया बिजली बिल मांगने गए विद्युत मंडल के प्राइवेट वसूली एजेंटों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया है। पीड़ित सोहेल खान ने सिलवानी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अपने साथी अकरम खान के साथ साईंखेड़ा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाले शासकीय शिक्षक प्रीतम शेजवार के घर बिजली का बकाया बिल वसूलने गए थे। गाली-गलौज के बाद शुरू हुई मारपीट आरोप है कि घर पर मौजूद सोनू सेजवार और मोनू सेजवार ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मोनू सेजवार ने ईंट से अकरम खान के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सोहेल खान के साथ भी हाथापाई की गई। घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती घटना के बाद घायल अकरम खान को सिलवानी सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें रायसेन रेफर कर दिया गया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि सोनू और मोनू सेजवार द्वारा पहले भी विभागीय अधिकारियों के साथ विवाद किया जा चुका है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो समेत पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


