नसीराबाद सिटी थाना पुलिस ने गत दिनों गांधी चौक क्षेत्र के विभिन्न घरों से गैस सिलेंडर की चोरियों की वारदातों का खुलासा कर दिया। पुलिस ने सिलेंडर चोरी के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नसीराबाद सिटी थाना प्रभारी हुकम गिरी ने बताया कि सिलेंडर चोरी में गिरफ्तार आरोपियों गोदाम मंडी निवासी सन्नी कल्योशिया पुत्र गोरधन सिंह, कुनाल पुत्र लक्ष्मीनारायण और पिंटू जाटोलिया पुत्र सूरजकरण को न्यायालय में पेश किया गया जहां से तीनों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए गए।
दिनदहाडे़ होती रही सिलेंडर चोरी गांधी चौक क्षेत्र में जनवरी और फरवरी माह में विभिन्न मकानों से दिनदहाड़े गैस सिलेंडर चोरी होने की घटनाएं हुई। गत 14 फरवरी को गांधी चौक क्षेत्र निवासी सर्वेश राठी पुत्र सुरेशचंद राठी ने सिटी थाने में मामला दर्ज कराया। इसमें बताया कि 10 फरवरी की सुबह उसकी मां व पत्नी घर के काम में व्यस्त थी। इसी दौरान घर के चौक में रखा सिलेंडर दिनदहाड़े अज्ञात चोर चुराकर ले गए। परिवादी का आरोप थ कि 24 जनवरी को क्षेत्र के ही त्रिलोक मित्तल के घर से भी अज्ञात चोर गैस सिलेंडर चुरा कर ले गए तथा पिछले 1 माह में अन्य लोगों के घरों से भी चोर गैस सिलेंडर चुरा कर ले गए।
नशे का शौक पूरा करने के लिए चोरी की वारदात
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करते है। लेकिन पैसे के अभाव में नशे का शौक पूरा नहीं होने पर आरोपी गली मोहल्लों में सूना क्षेत्र देखकर घर के दरवाजों के पास और चौक में रखे सिलेंडर चोरी कर अपने नशे का शौक पूरा करते थे। थाना प्रभारी गिरी के नेतृत्व में गठित टीम में हैडकांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल रिंकू मीणा, कांस्टेबल गजानंद, कांस्टेबल स्वरुपाराम, कांस्टेबल इमरान, कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल महेंद्र और बोदूराम शामिल थे। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)


