सिलेंडर लेते समय अवश्य कराएं गैस लीकेज की जांच: उपायुक्त

भास्कर न्यूज | हज़ारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में केमिकल डिजास्टर से संबंधित जिला स्तरीय मॉक अभ्यास को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। टेबल टॉप एक्सरसाइज में सर्वप्रथम एनडीआरफ के पदाधिकारी ने केमिकल डिजास्टर और उसके फ्रेमवर्क पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह भारत की एक विशेष टीम है जो आपदाओं से निपटने और उनके बाद के कामों को मैनेज करने के लिए काम करती है। यह प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के लिए त्वरित, पर्याप्त, और प्रभावी प्रतिक्रिया देने में माहिर है। उन्होंने बताया कि भारत मे कुल 16 एनडीआरफ की टीम काम कर रही है। वंही झारखंड में कुल 04 टीम काम कर रही है। हज़ारीबाग में एनडीआरफ के 9वीं बटालियन काम कर रही है। टेबल टॉप एक्सरसाइज़ में एलपीजी भराई संयंत्र के प्रभारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि केमिकल डिजास्टर से संबंधित जिला स्तरीय मॉक अभ्यास में सिखाया जाता है कि कैसे स्वयं को और अपने आस-पास के लोगों को बचाया जाए, आपातकालीन स्थिति को नियंत्रित करने के तरीके, क्या करें, क्या न करें, पीड़ितों को प्राथमिक उपचार प्रदान करना, अस्पताल पहुंचना आदि शामिल हैं। तैयारी और अभ्यास करने से कई लोगों की जान, संपत्ति और आसपास की सुरक्षा होगी। अभ्यास से ऐसी घटनाओं का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को या विद्यार्थियों को बाजार या खुले में बिक रहे सिलेंडरों के इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। सिलेंडर में लीेकेज संबंधित मामलों को लेकर टोल फ्री नंबर 1906 पर कॉल कर तुरंत जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सिलेंडर बॉय से सिलेंडर लेते समय सिलेंडर लीेकेज की जांच जरूर करवाएं। उन्होंने बताया कि शनिवार को बरही एलपीजी प्लांट सिनेरियो पर केमिकल डिजास्टर से संबंधित जिला स्तरीय मॉक अभ्यास किया जाएगा। उपायुक्त नैंसी सहाय ने कहा कि केमिकल डिजास्टर से संबंधित टेबल टॉप एक्सरसाइज हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि हम सभी सीधे तौर पर इससे जुड़े हुए हैं। केमिकल डिजास्टर और सिलेंडर लीेकेज की रोकथाम के लिए हमे लोगों में जागरूकता लाने की जरूरत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *