सिवनी कलेक्टर शीतला पटले ने जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग और मरीजों की सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल भवन के विभिन्न हिस्सों, मेटरनिटी वार्ड, दवा वितरण कक्ष के आसपास की व्यवस्था, वार्डों तक पहुंच मार्ग, परिसर की स्वच्छता तथा पार्किंग क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था और कचरा निस्तारण को और बेहतर करने, साफ-सफाई की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक कचरा और अवरोध न रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े पाए गए। इस पर कलेक्टर ने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग चिन्हित पार्किंग व्यवस्था बनाने को कहा, ताकि मरीजों और परिजनों की आवाजाही सुगम बनी रहे। कलेक्टर ने गलियारों एवं मार्गों से अवरोध हटाने तथा आवश्यक स्थानों पर उचित प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने जिला अस्पताल सिवनी में रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के उन्नयन, मरीजों एवं परिजनों की सुविधाओं में सुधार तथा समिति की वित्तीय स्थिति एवं आय-व्यय की जानकारी ली। बैठक में विभिन्न चिकित्सकीय उपकरणों के क्रय पर समिति द्वारा सहमति प्रदान की गई। यहां भी निरीक्षण किया उन्होंने जन औषधि केंद्र के अधिकतम उपयोग एवं उसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही, मेटरनिटी वार्ड के सामने स्थित रैन बसेरा एवं वेटिंग स्थान में बैठने की व्यवस्था, रोशनी और साफ-सफाई को और बेहतर करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के साथ ही निजी चिकित्सालयों में बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निष्पादन की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश भी जारी किए।


