सिवनी के धूमा में नव देवी मंदिर में चोरी:मातारानी के गहने-नगदी चुरा ले गए चोर, 3 घरों को भी बनाया निशाना

सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत खेर माई मोहल्ला में चोरों ने 4 स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने नव देवी मंदिर सहित चार सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने देर रात नव देवी मंदिर में सेंध लगाई। उन्होंने दो चैनल गेट और एक शटर का ताला तोड़ा। मंदिर से माता को अर्पित किए गए सोने एवं चांदी के छत्र, मंगलसूत्र, त्रिशूल, चांदी का ग्लास, आचमनी और नकदी चोरी कर ली गई। मंदिर प्रबंधन से जुड़े पुजारी ने बताया कि चोरी गए आभूषणों और नकदी की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसी रात मंदिर के समीप स्थित सीताराम कुशवाहा के सूने घर का भी ताला तोड़ा गया। इसके अलावा, चोर छोटेलाल पधान के घर में घुसकर सोने-चांदी के कीमती जेवरात ले उड़े। वहीं, काशी प्रजापति के मकान से भी सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी होने की सूचना मिली है। एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर हुई इन चोरियों से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल धूमा पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धूमा थाना प्रभारी डोमन सिंह ने बताया कि मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *