सिवनी जिले के घंसौर वन परिक्षेत्र के ग्राम बिनोरी में शनिवार को वन विभाग द्वारा ‘अनुभूति कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। वनमंडलाधिकारी महेंद्र उइके के मार्गदर्शन में हुए इस कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था। कैंप में विद्यार्थियों को जंगल का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं को करीब से देखा और समझा। संयुक्त वनमंडलाधिकारी गोपाल सिंह ने विद्यार्थियों को वन प्रबंधन की कार्यप्रणाली, बोल्डर चेक डैम की उपयोगिता, वन विभाग के जनक डिब्रेंडिश की कहानी और मुनैरा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वन संरक्षण में जनभागीदारी की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। एसडीओ राहुल शर्मा, सिवनी के एसडीओ उत्पादन हेमराज और वन परिक्षेत्र अधिकारी आशुतोष चन्द्रवंशी ने विद्यार्थियों को खाद्य श्रृंखला (फूड चेन) के बारे में सरल और रोचक तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि वन्य जीव, वनस्पति और मानव जीवन किस प्रकार एक-दूसरे से जुड़े हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अनुभूति कैंप में एकलव्य आदर्श विद्यालय घंसौर, हाई स्कूल पहाड़ी, माध्यमिक शाला पोड़ी और पीएम श्री कन्या विद्यालय घंसौर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक बताया और प्रकृति संरक्षण के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में घंसौर एसडीएम बिसन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनके साथ नायब तहसीलदार अरुण भूषण दुबे, जनपद अध्यक्ष सविता परशराम, डिप्टी रेंजर गोविंद प्रसाद बर्मन और राम सिंह आरमेंति, वन रक्षक संतोष मरावी, वन परिक्षेत्र अधिकारी आशुतोष चन्द्रवंशी, संयुक्त वनमंडलाधिकारी गोपाल सिंह, मास्टर ट्रेनर शिवानी बघेल और अनुराधा ठाकुर, मुकेश यादव सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए किया गया। अनुभूति कैंप की अन्य तस्वीरें…


