सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते ने 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सुबह हुई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल बच्चे की पहचान ग्राम गरघाटीया निवासी हसन शाह (7) के रूप में हुई है, जो अरुण शाह का पुत्र है। हसन सुबह अपने घर के पास खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को कई जगह काटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। परिजनों ने बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बच्चे का इलाज जारी है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है। घटना की सूचना मिलते ही धूमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। धूमा थाना प्रभारी डोमन सिंह ने बताया कि आवारा कुत्ते के काटने से बच्चे के घायल होने की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाएं रोके प्रशासन ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और राहगीरों को खतरा बना हुआ है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और पशुपालन विभाग से क्षेत्र में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके उचित प्रबंधन की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल बच्चे के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।


