सिवनी में कत्लखाने ले जा रहे 39 गोवंश मुक्त:कंटेनर में मवेशियों की हो रही थी तस्करी, आरोपी फरार; रात्रि गश्त में पुलिस की कार्रवाई

सिवनी जिले की कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात मवेशियों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने एक बारह चका कंटेनर जब्त कर उसमें क्रूरतापूर्वक भरे गए 39 गौ-वंश को मुक्त कराया। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने सोमवार को सुबह बताया कि रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंडोल की ओर से ट्रक में गौ-वंश को कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम सिमरिया पुलिया के पास नाकाबंदी की। नरेला ब्रिज के पास हल्के पीले तिरपाल से ढका एक बारह चका ट्रक आता दिखा। पुलिस को देखकर चालक और उसका साथी एक गौ-वंश को सड़क किनारे छोड़कर ट्रक को तेज गति से नरेला से पुसेरा-अमरवाड़ा रोड की ओर भगाने लगे। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए पीछा करते हुए लखनवाड़ा और चौरई थाने के स्टाफ की मदद ली। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया आरोपी छिंदवाड़ा रोड पर ग्राम समसवाड़ा, थाना चौरई क्षेत्र के पास ट्रक (क्रमांक MP09HG3058) को सड़क किनारे खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए। ट्रक की तिरपाल हटाने पर कंटेनर के भीतर 38 गौ-वंश मिले। उनके गले, मुंह और पैर रस्सियों से बंधे थे, और उन्हें अत्यंत क्रूरता से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। ट्रक में चारा, भूसा, पानी या रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं थी। सड़क किनारे छोड़े गए एक गौ-वंश को मिलाकर कुल 39 गौ-वंश मुक्त कराए गए। पुलिस ने सभी गोवंश को बींझावाड़ा भेज दिया पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुक्त कराए गए सभी गौ-वंश को दयोदय जीव रक्षा संस्थान, बींझावाड़ा भेजा गया है, जहां उनकी उचित देखभाल की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक जयदीप सेंगर, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, नवीन तिवारी, आरक्षक प्रतीक बघेल, प्रदीप चौधरी, मुकेश चौरिया, सौरभ ठाकुर, विसराम धुर्वे और इरफान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जब्त की गई संपत्ति में लगभग 10 लाख रुपए का कंटेनर और करीब 4 लाख 60 हजार रुपए मूल्य के 39 गौ-वंश शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *