सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसा रविवार देर रात कॉलेज के पास हुआ। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, ट्रक चट्टी से कहानी गांव की ओर जा रहा था। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। सड़क सुधार और संकेतक लगाने की मांग की जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह दिनभर व्यस्त रहता है। यदि घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की है और इसे दुर्घटना का एक कारण बताया है। उन्होंने सड़क सुधार, उचित मार्किंग और संकेतक लगाने की मांग की है। टीआई ने चालकों से नियमों के पालन की अपील घटना की सूचना मिलते ही लखनादौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। लखनादौन थाना प्रभारी कीरत प्रसाद धुर्वे ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस लगातार वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दे रही है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, खराब सड़कों पर सतर्क रहने, स्पीड ब्रेकरों के पास विशेष सावधानी बरतने और अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।


