सिवनी में ट्रक में घुसी बाइक, पूरा परिवार खत्म:कटनी में पिकअप ने बाइक को रौंदा; दोनों हादसों में कुल 8 जानें गईं

मध्य प्रदेश में गुरुवार रात दो बड़े हादसे हो गए। पहला हादसा कटनी के रीठी थाना इलाके का है। यहां पिकअप वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। दूसरा हादसा सिवनी के कुरई में हुआ। यहां तेज रफ्तार बाइक सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। इसमें दंपती और उनके दोनों बच्चों की जान चली गई। रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 9 बजे हीरापुर और बड़गांव के बीच हुआ। दमोह से आ रहे टमाटर से भरे पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मारी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों और ढाई साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे युवक ने रीठी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अनु बसोर (32), उनकी ढाई वर्षीय बेटी भारती बसोर, विनोद बसोर (30) और प्रेमलाल बसोर (32) के रूप में हुई है। सभी मृतक पन्ना जिले के बगवार के थे और कटनी जिले के ग्राम बरजि से अपने घर लौट रहे थे। विनोद अनु का साला लगता था। प्रेमलाल विनोद का रिश्ते में जीजा लगता था। देखिए कटनी हादसे की 2 तस्वीरें… पिकअप वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडेय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल एम्बुलेंस से रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था, लेकिन उसकी जान भी नहीं बची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते थे। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी है। सिवनी में नववर्ष मनाने ससुराल जा रहे थे
दूसरा हादसा सिवनी के कुरई में हुआ। शाम करीब 7.30 बजे जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिड्डी टेक के पास एक बाइक सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में खवासा टोला गांव निवासी परमानंद बरकड़े (45), उनकी पत्नी गीता बरकड़े (38), आठ वर्षीय बेटी माही और चार वर्षीय बेटे दीपांशु की मौत हो गई। सभी बाइक (एमपी 22 जेडसी 2632) से दरगढ़ा गांव स्थित अपने ससुराल नववर्ष मनाने जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा है। देखिए सिवनी हादसे की 3 तस्वीरें… इंजन खराब होने के कारण खड़ा था ट्रक
बरघाट एसडीओपी ललित गठरे के मुताबिक, इंजन खराब होने के कारण ट्रक फोरलेन किनारे खड़ा किया गया था। ट्रक पर इंडिकेटर भी लगाए गए थे, लेकिन अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण बाइक सवार ट्रक को देख नहीं पाया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार सुबह सभी का पीएम किया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें…
पेड़ से टकराया मालवाहक वाहन, दो लोगों की मौत
अनूपपुर जिले में गुरुवार रात मेला से लौटते समय तेज रफ्तार मालवाहक वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *