सिवनी में तेज रफ्तार पिकअप नियंत्रित होकर पलटा:चालक-कंडक्टर सुरक्षित, वाहन क्षतिग्रस्त, धनोरा के पास हादसा

सिवनी जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा धनोरा ग्राम पंचायत के समीप दोपहर करीब 3 बजे हुआ। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में दो लोग सवार थे और वे धनोरा रेस्ट हाउस चौराहे से कहानी ग्राम की ओर जा रहे थे। धनोरा ग्राम पंचायत के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर वाहन तेज गति से उछल गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गया। वाहन में सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित बताए जा रहे हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। यह हादसा ऐसे स्थान पर हुआ जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि दुर्घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने सड़क पर बने स्पीड ब्रेकरों पर उचित मार्किंग और संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर सकें। घटना की सूचना मिलते ही धनोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। धनोरा थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और स्पीड ब्रेकर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना बताया जा रहा है। थाना प्रभारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और स्पीड ब्रेकरों के पास विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दे रही है, लेकिन कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके कारण ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *