सिवनी में पेड़ पर फंदे से मिला युवक का शव:पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा; परिजनों ने बताया सामान्य स्वभाव का था

सिवनी जंगल में शुक्रवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिनैकी कला का है। मृतक की पहचान नरेंद्र यादव (30) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह ग्राम बिनैकी कला के कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके एक युवक को देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना घंसौर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया सूचना मिलते ही घंसौर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मृतक नरेंद्र यादव ग्राम बिनैकी कला का निवासी था। युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। ग्रामीणों ने बताया युवक सामान्य स्वभाव का था घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। गांव में इस घटना को लेकर गंभीर माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि नरेंद्र सामान्य स्वभाव का युवक था, जिससे इस घटना ने ग्रामीणों को आश्चर्यचकित कर दिया है। इस संबंध में घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झरिया ने बताया कि एक युवक द्वारा पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है, जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *