सिवनी में सड़क किनारे बैठा दिखा बाघ:वाहन चालकों ने बनाया वीडियो; जंगली जानवरों से सतर्क रहने की अपील

सिवनी जिले के खवासा के पास खांडसा रोड स्थित नागदेव टेकरी क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क किनारे एक बाघ दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे वाहन चालक रुक कर देखने लगे। कई लोगों ने अपने वाहनों से बाघ का वीडियो भी बनाया। रात के सन्नाटे में गुजर रहे वाहन चालकों की नजर अचानक सड़क किनारे बैठे बाघ पर पड़ी। बाघ काफी देर तक सड़क किनारे एक पेड़ के पास शांत भाव से खड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ ने कोई घबराहट नहीं दिखाई और उसका व्यवहार बेहद सहज था। बाघ की मौजूदगी से लोग रोमांचित हुए, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। कुछ देर बाद बाघ स्वयं जंगल की ओर चला गया। पेंच टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्र में अक्सर जानवरों की आवाजाही रहती नागदेव टेकरी और खांडसा रोड का यह इलाका पेंच टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। यह क्षेत्र घने जंगलों से घिरा है, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही रहती है। जंगल से सटे होने के कारण यहां अक्सर जंगली जानवर दिखाई देते हैं। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पेंच टाइगर रिजर्व और उससे जुड़े वन क्षेत्रों में बाघ, तेंदुआ, हिरण, सांभर, चीतल, जंगली कुत्ता (ढोल), भालू, गौर (भारतीय बाइसन), नीलगाय, चौसिंघा (चार सींग वाला मृग) और जंगली सूअर जैसे कई स्तनधारी जीव पाए जाते हैं। रात में सतर्क रहें, जंगली जानवरों से दूरी रखें वन अमले की ओर से लगातार गश्त की जाती है और आम नागरिकों से विशेषकर रात्रि के समय सतर्कता बरतने की अपील की जाती है। वन विभाग ने कहा है कि जंगली जानवरों को देखकर वाहन रोकना, शोर मचाना या उनके बहुत करीब जाना खतरनाक हो सकता है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि ऐसी स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। पेंच टाइगर रिजर्व में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए जंगल से सटे सड़क मार्गों पर वन्य प्राणियों की मौजूदगी को देखते हुए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *