सिवनी के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जामा मस्जिद कॉलोनी के पास एक सूने मकान में चोरी हुई। अज्ञात चोरों ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर से लाखों रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी समारोह में गया था परिवार छपारा निवासी गोलू उर्फ अल्ताफ शेख अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में अंदर घुसे। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 6 लाख रुपए नकद और लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार घर लौटा, तब चोरी का पता चला। डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी से हो रही है जांच घटना की सूचना मिलते ही छपारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे चोरों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर कॉलोनीवासियों ने चिंता जताई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में निगरानी मजबूत करने की मांग की है। टीआई बोले-जल्द होगा खुलासा छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


