सिवनी यातायात पुलिस ने बरघाट रोड पर नियमों का उल्लंघन करने वाली तीन बसों पर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई। दोपहर में बरघाट रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान इन बसों को प्रतिबंधित रास्ता पर चलते हुए पाया गया। जिन बसों पर कार्रवाई की गई उनमें MP50 HE 4154, MP20 PA 1184 और MP22 P 8101 शामिल हैं। तीन बसों से वसूला 15 हजार का जुर्माना यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश और एएसपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा माह के तहत की गई। चेकिंग दल के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक रघुवीर सिंह परिहार ने हर बस पर 5 हजार का जुर्माना लगाया, जिससे कुल 15 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। यातायात नियमों का पालन करने की दी चेतावनी पुलिस ने बस संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। बरघाट रोड बसों और भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित है, और इस आदेश का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में नियमों की अनदेखी करने पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालक का लाइसेंस भी निलंबित किया जा सकता है। यातायात पुलिस सिवनी ने जिले के सभी बस संचालकों और वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और यातायात को सुगम बनाने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने संदेश दिया है कि ‘सड़क का अनुशासन, दुर्घटनाओं का समाधान है’।


