सतीश कपूर | अमृतसर पावरकॉम इस साल गर्मियों में शहरवासियों को निर्विघ्न बिजली सप्लाई देने की तैयारी में जुट गया है। एक ओर स्मार्ट सिटी के तहत 27 करोड़ से शहर की गलियों और सड़कों से क्रासिंग समेत टेढ़े बिजली पोल सीधे किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर मिशन रोशन पंजाब के तहत सबअर्बन सर्किल के 24 ओवरलोड फीडरों को डी लोड किया जा रहा है। फिलहाल 14 ओवरलोड फीडरों को डी लोड कर दिया है जबकि बाकी का काम तेजी से किया जा रहा है। इससे सबअर्बन सर्किल के करीब 50 हजार उपभोक्ता को फायदा होगा। फीडरों के डी लोड होने से बिजली फॉल्ट कम पड़ेंगे और लोगों को बेहतर बिजली सप्लाई मिलेगी। पावरकॉम की ओर से वेरका बिजली घर से चलने वाले शिव नगर, जज नगर को सुंदर नगर के साथ तो गुरु नगर फीडर को ग्रीन लैंड के साथ जोड़कर नया फीडर खींचा है। जबकि वेरका से बटाला रोड फीडर को सतनाम नगर के साथ जोड़ा है। इसी तरह मुस्तफाबाद का लोड इंद्रा कॉॅलोनी और गुरु नगर का लोड आजाद नगर में शिफ्ट करके नया फीडर खींचा है। रणजीत एवेन्यू बिजली घर से चलने वाले फैजपुरा को 11 केवी भुल्लर एवेन्यू और खंडवाला बिजली घर से चलने वाले छेहर्टा, महाबीर को आजाद नगर के साथ जोड़ा गया है। जबकि 132 केवी पावर कॉॅलोनी से चलने वाले एमईएस को शेर-ए-पंजाब, एसजी इन्क्लेव का लोड वीर इन्क्लेव और सिल्वर इस्टेट का लोड 11 केवी ग्रीन लैंड के साथ शिफ्ट किया है। सांघना बिजली घर से चलने वाले भराड़ी वाल का लोड सतनाम नगर में शिफ्ट कर दिया है। सिविल लाइन बिजली घर से चलने वाले अजनाला रोड को ब्रांच लाइन के साथ जोड़ा है इससे वेरका, बटाला रोड, कश्मीर एवेन्यू, कांगड़ा कॉलोनी, फैजपुरा, रत्न सिंह चौक, सुभाष रोड, आजाद रोड, दवाइयां वाला, फताहपुर में रहने वाले उपभोक्ता को अच्छी बिजली सप्लाई होगी। इसके अलावा 220 केवी सिविल लाइन बिजली घर से चलने वाले सिविल लाइन डुप्लीकेट, तेज इलाए और कर्मपुरा फीडर का काम पूरा होने वाला है। वहीं 220 केवी मुद्दल से चलने वाले गुरुद्व्रारा नानकसर का काम इसी महीने पूरा हो जाएगा। सबअर्बन सर्किल के एसई इंजी. बलकार सिंह ने कहा कि पिछले साल गर्मियों में लोगों को बिजली की काफी दिक्कत आई थी। ऐसी दिक्कत फिर न आए इसलिए 24 नए फीडर खींचे जा रहे हैं।


