सिसकते हुए बोली प्राध्यापक, साहब… मेरी बहू के सारे जेवर चुरा ले गए चोर

शहर की इंद्रा कॉलोनी निवासी कॉलेज प्राध्यापक आभा आनंद के निवास से चोरों ने दिन-दहाड़े लाखों के माल पर हाथ साफ कर लिया। सोमवार शाम प्राध्यापक कॉलेज से लौटी तब दिन में हुई इस चोरी का पता चला। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की, तब चोरी की इस बड़ी घटना से आहत प्राध्यापक पूरे समय अपने घर में रखे बहू के जेवर चले जाने की बात कहती रही। इंद्रा कॉलोनी के घर में प्राध्यापक आभा आनंद अकेली रहती है। उनके पति किसी दूसरे प्रदेश में कार्यरत है, जबकि बेटा-बहू जर्मनी में रहते हैं। उन्होंने बताया की सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह रोज की तरह घर के मुख्य गेट और बरामद के चैनल गेट का ताला लगाकर कॉलेज गई थी। शाम करीब 4:45 बजे वापस लौटी। बरामदे का गेट खोलने के बाद जैसे ही अंदर घर के मुख्य दरवाजा का ताला खोला तो वह नहीं खुला। दरअसल मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी जब अंदर से गेट नहीं खुला तो उन्होंने घबराकर पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस मौके पर पहुंची।
दरअसल प्राध्यापक के बेटे की शादी बीते साल हुई है, उनके बेटे और बहू फिलहाल जर्मनी में बड़े पद पर कार्यरत है। शादी के समय बहू को उनके परिवार द्वारा सोने-चांदी के काफी जेवर और बर्तन दिए गए थे। ये सभी राजगढ़ में ही रखे थे। प्राध्यापक के अनुसार इन सभी जेवरों को अज्ञात चोर चुरा ले गए। अनुमान लगाया जा रहा है, कि चोर भी छत के रास्ते ही घर में घुसे और मुख्य गेट को अंदर से लगाकर आराम से चोरी कर उसी रास्ते वापस निकल गए। प्राध्यापक के घर में दीवार पर एलईडी लगी थी। चोरी के दौरान चोर इसे भी क्षतिग्रस्त कर गए। माना जा रहा है कि चोरों ने इसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन नहीं निकलने पर कैमरे की डिस्प्ले समझकर उसे फोड़ दिया। घर में रखे कीमती सामान सहित घर के मंदिर में रखी चांदी की मूर्तियों पर भी चोरों ने हाथ साफ कर लिया, फिलहाल पुलिस डॉग स्कवाड सहित विशेष तकनीकी टीम के माध्यम से चोरी का सुराग लगाने प्रयास कर रही है। चोरी की घटना से पूरी तरह आहत प्राध्यापक चोरी के बार में स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं बता सकी। तब उन्होंने विदेश में रहने वाली अपनी बहू से घर में रखे सामान की सूची मंगवाई, उन्होंने घर में रखे कई सामान के फोटो भेजे। इसके अलावा भी घर में रखे करीब 50 हजार रुपए कैश सहित अन्य कई सामान के चोरी होने की जानकारी प्राध्यापक ने दी है। ^प्राध्यापक के घर से चोरी की सूचना मिली है। हमने डॉग स्कावड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट सहित अन्य माध्यम से जांच शुरू कर दी है। घर के अंदर और छत के दरवाजे पर भी ताला नहीं था। चोरों के घर के पीछे से छत पर चढ़कर आने की संभावना है। -उमाशंकर मुकाती, थाना प्रभारी, राजगढ़

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *