भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना मोहकमपुरा की पुलिस ने सीआईए स्टाफ बनकर रिश्वत मांगने वाले पुलिस के एक एएसआई को काबू किया है। यह 5 मेंबरों का एक गिरोह है, जिसमें एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह भी शामिल है। गिरोह के 4 मेंबर फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुसि रेड कर रही हैं। पकड़े गए आरोपी एएसआई की पहचान गुरजीत सिंह निवासी न्यू प्रताप नगर के रूप में हुई है जो अभी पुलिस लाइन में तैनात था। एसएचओ मोहकमपुरा सुमित सिंह ने बताया कि उन्हें दी गई शिकायत में बोबी निवासी मोहकमपुरा ने बताया कि 1 जनवरी की शाम 5 बजे घर में मौजद था। घर के बाहर एएसआई गुरजीत सिंह, रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुरिंदर और 3 अज्ञात युवक आए थे। जिन्होंने घर में चेकिंग का कहकर तालाशी ली। आरोपी उसके अलमारी से 1.60 लाख रुपए भी ले गए। पुलिस ने जांच करते हुए 6 फरवरी को आरोपी एएसआई को काबू किया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने पहले उससे 1 लाख रुपए की मांग की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी का 2 दिन का रिमांड हासिल किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से विजिलेंस में भी भ्रष्टाचार का एक पर्चा दर्ज है। उस मामले में जमानत पर चल रहा है। आरोपी एएसआई को लेकर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने संबंधी सीनियर पुलिस अधिकारियों को लिखकर भेज दिया है।


